उड़द के नुकसान पर किसानों को बांटे जाएंगे 83 करोड़
ललितपुर। लोकसभा चुनाव करीब देख शासन ने किसानों पर दरियादली दिखानी आरंभ कर दिया है। अतिवृष्टि से हुई उड़द की फसल के नुकसान को देखते हुए शासन ने 83 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी कर दी है। वित्तीय वर्ष 2018-19 में अतिवृष्टि के कारण जिले में उड़द की फसल खराब हो गई थी। इस पर शासन द्वारा नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई थी। इस क्रम में राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन करके रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। इसी आधार पर अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन ने कृषि निवेश अनुदान वितरित करने के लिए राज्य आपदा मोचक निधि से लघु/सीमांत कृषकों को कुल 58,59,53,665 (अट्ठावन करोड़ उनसठ लाख तिरपन हजार छह सौ पैंसठ रुपये) और वृहद कृषिकों में वितरण के लिए कुल 24,41,54,585 (चौबीस करोड़ इकतालीस लाख चौवन हजार पांच सौ पचासी रुपये) जिले को आवंटित कर दिए हैं। इस तरह कुल 83,01,08,250 (तेरासी करोड़ एक लाख आठ हजार दो सौ पचास रुपये) राज्य आपदा मोचक निधि से उपलब्ध कराए गए हैं। इस धनराशि से पांचों तहसीलों के वित्तीय वर्ष 2018 में प्रभावित व्यक्तियों, परिवारों को कृषि निवेश अनुदान आवंटित किया जाएगा। तहसीलवार नजर डालें तो ललितुपर तहसील के लघु/सीमांत एवं वृहद कृषकों में वितरण के लिए कुल 22,83,91,124 रुपये, महरौनी तहसील के लघु/ सीमांत एवं वृहद कृषकों में वितरण के लिए कुल 18,39,30,458 रुपये, तालबेहट तहसील के लघु/सीमांत एवं वृहद कृषकों में वितरण के लिए कुल 17,99,27,019 रुपये, पाली तहसील के लघु/सीमांत एवं वृहद कृषकों में वितरण के लिए कुल 12,80,92,379 रुपये, मड़ावरा तहसील के लघु/सीमांत एवं वृहद कृषकों में वितरण के लिए कुल 10,97,67,270 रुपये का आवंटन किया जा रहा है। स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कोषागार से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से जाएगी। वितरित सहायता सूची ग्राम सभा के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी एवं ग्राम सभा की अगली खुली बैठक में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सूची पढ़कर सुनाई जाएगी।