अष्टमी पर श्रद्धा के साथ ही पूजी गईं महागौरी
भक्तों ने चुनरी चढ़ाकर मांगी कामनाएं, गली-गली में गूंजे मैया के जयकारे
देवी पांडालों में हुई महाआरती, दुर्गा प्रतिमाओं पर उमड़ रही भक्तों की भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। अष्टमी के दिन शहर में महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने दुर्गा पांडालों व देेवी मंदिरों में आस्था की चुुनरी चढ़ाकर मनोकामनाएं मांगी, तो गली-गली मैया के जयकारों से गूंज उठे। वहीं, देवी पांडालों में कई जगह शाम की आरती के दौरान महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शनार्थ भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
नवदुर्गा महोत्सव को शुरू हुए आठ दिन हो गए हैं और अष्टमी के दिन दुर्गा स्वरूप महागौरी को पूजा-अर्चना की गई। अष्टमी के दिन ललितेश्वरी मंदिर, सुम्मेरा तालाब स्थित छोटी देवी मंदिर, चंडी माता मंदिर, काली बऊआ माता मंदिर, पतरुआ माता मंदिर, बड़ापुरा स्थित सिद्धेश्वरी माता मंदिर आदि मंदिरों में जल अर्पित करने के लिए ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वहीं, कई घरों में अष्टमी पूजन किया गया और देवी मंदिरों में पूजन किया गया। वहीं, दोपहर में और शाम के समय देवी मंदिरों व देवी पांडालों में सैकड़ों भक्तों द्वारा मां की भक्ति करते हुए दुर्गा मां के लिए लाल रंग की चुनरी चढ़ाकर मनौती मांगी। इसके बाद देर शाम को शहर में जगह-जगह देवी पांडालों में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें महिला भक्तों द्वारा कई पांडालों व मंदिरों में एक साथ सैकड़ों दीपक जलाकर देेवी मां की महाआरती का आयोजन किया गया और महाप्रसाद वितरण किया गया। अष्टमी के दिन कई पांडालों में भव्य झांकियां भी सजाई गईं, जो देखते ही बन रही थीं। शहर में आजाद चौक व कटरा बाजार में भव्य व विशाल दुर्गा प्रतिमा का स्वरूप लोगों के लिए आकर्षण रहीं। वहीं, जय महाकाली लाइन में देवी महाकाली की प्रतिमा के दर्शनों के लिए लोगों की भारी-भीड़ लगी रही। इसी प्रकार चंडी माता मंदिर पर एक साथ नौ देवी प्रतिमाओं की भव्य झांकी देखने के लिए लोगों को हुजूम लगा रहा।