परिवार नियोजन: आशाएं करेंगी नव दंपतियों को जागरूक
एक सार्थक कल की शुरुआत, परिवार नियोजन के साथ
जनसंख्या स्थिरता दिवस मनाने को दिए दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बहुत अहम है और इसके लिए पुरुषों को परिवार नियोजन कार्यक्रम में आगे आने की अति आवश्यकता है। यह संदेश सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी ने आयोजित एक गोष्ठी में दिया। उन्होंने यहां 11 जुलाई को मनाए जाने वाले जनसंख्या पखवाड़ा दिवस मनाने स्वास्थ्य टीम को निर्देश दिया।
आयोजित गोष्ठी में उन्होंने कहा कि छोटा परिवार-सुखी परिवार संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, जिससे बढ़ रही जनसंख्या को नियंत्रित किया जा सके। जनपद व ग्रामीण स्तर पर जनसंख्या दिवस की पूरी तैयारी की गई है। आंगनबाड़ी के सहयोग से आशाएं घर-घर जाकर नव दंपतियों को खोजने का काम करेंगी और परिवार नियोजन के संसाधनों एवं सुविधाओं के बारे में जागरूक भी करेंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और परिवार कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के समस्त जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के समस्त मंडलीय अपर निदेशक तथा समस्त मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधीक्षक को 11 जुलाई को जनसंख्या स्थिरता दिवस मनाए जाने के विषय में निर्देश दिये गए। बताया गया कि 11 जुलाई को जनपद सहित सभी ब्लॉक और ग्रामीण इलाकों में जनसंख्या स्थिरता दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष जनसंख्या स्थिरता दिवस की थीम एक सार्थक कल की शुरुआत, परिवार नियोजन के साथ तय की गई है। इस दिवस को मुख्यत: परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। इस दिवस डीएम की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जनपद एवं ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य मेले तथा रैलियों का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व 10 जुलाई तक ग्रामीण और शहरी इलाकों में आंगनबाड़ी के सहयोग से आशाएं घर-घर जाकर परिवार नियोजन के संसाधनों और सुविधाओं प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित करेंगी और 11 जुलाई के बाद पुरुष नसबंदी लाभार्थी के साथ एक बैठक की जाएगी।
विगत वर्षों की तरह उक्त दिवस का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में दंपति संपर्क पखवाड़ा को 27 जून से 10 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस पखवाड़े का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरता के संबंध में जनसाधारण को सीमित परिवार के संबंध में जागरूक करने के साथ-साथ परिवार कल्याण के कार्यक्रमों को भी गति प्रदान कराना है। इस दौरान आशा और एएनएम द्वारा घरों का दौरा किया जाएगा एवं परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने वाले इच्छुक दंपतियों को चिह्नित किया जाएगा। चिह्नित दंपतियों को सेवाएं प्रदान किए जाने के लिए उनका पूर्व पंजीकरण भी किया जाएगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या स्थिरता के दौरान की जाने वाली गतिविधियों को 11 से 24 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस पखवाड़े में दंपति संपर्क पखवाड़े के दौरान इच्छुक दंपतियों को उनकी इच्छानुसार गर्भ निरोधक गोलियां प्रदान कराना है। इस दौरान संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन की वांछित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। परिवार कल्याण कार्यक्रम के एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. अजय भाले ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने अधिक प्रजनन वाले 57 जिलों में मिशन परिवार विकास शुरू किया है, जिसमें ललितपुर जिला भी शामिल है। इसके अंतर्गत परिवार नियोजन सेवाओं में सुधार, जागरूकता और परिवार नियोजन विकल्प उपलब्ध कराने पर बल दिया गया है। मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत ही ग्रामीण इलाकों में सारथी वाहन चलाया जाएगा, जिसमें परिवार नियोजन के संदेशों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
नव दंपतियों को दी जाएगी नई पहल किट
डा. अजय भाले ने बताया कि मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत जनसंख्या नियंत्रण करने के लिए नवविवाहिताओं को जोड़ने को लेकर नई पहल किट योजना शुरू की है। इसके तहत 25 जुलाई तक इच्छुक नव दंपतियों को यह किट प्रदान की जाएगी। इस किट में स्त्री व पुरुष के लिए प्रसाधन की सामग्री के साथ ही परिवार नियोजन की सामग्री भी रखी गई है। इस मौके पर ऐसे नवविवाहित जो जल्द परिवार में वृद्धि इच्छा नहीं रखते हैं, इसके लिए महिलाओं को गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा और छाया गोली नजदीक के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध करायी जाएगी।