1090 डायल सेवा की जानकारी नहीं दे सके कोतवाल
महरौनी।
गृह सचिव उत्तर प्रदेश सरकार ओपी वर्मा ने शुक्रवार शाम को तहसील व कोतवाली महरौनी का निरीक्षण किया। गृह सचिव ओपी वर्मा, डीएम मानवेंद्र सिंह और एसपी सलमान ताज पाटिल तहसील परिसर स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां पर उपजिलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने परगना व तहसील की जानकारी हासिल की। जब कोतवाली निरीक्षक से 1090 डायल सेवा का विवरण पूछा गया तो प्रभारी निरीक्षक जानकारी नहीं दे सकें। इस पर गृह सचिव ने नाराजगी जाहिर की।
इसके अंतर्गत तहसीलदार गुलाब सिंह ने एक बुकलेट द्वारा तहसील की समस्त जानकारी गृह सचिव के समक्ष प्रस्तुत की। अभिलेखों की जांच कर संबंधित अधिकारियों को समुचित दिशा-निर्देश जारी किए। उसके बाद गृह सचिव का काफिला कोतवाली परिसर पहुंचा। जहां पर पुलिस कर्मचारियों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यहां उन्होंने लावारिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की डिस्पोजल संबंधी जानकारी ली। इसमें कोतवाली प्रभारी द्वारा बताया गया कि 10 वाहन ऐसे हैं जिनकी नीलामी हो सकती हैं। वहीं, इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्षा कृष्णा अमर सिंह व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र प्रताप सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख दरयाव सिंह ने गृह सचिव का स्वागत किया। नगर पंचायत अध्यक्षा ने बदहाल यातायात व्यवस्था को ठीक करने के लिए नगर के प्रस्तावित बाईपास रोड का निर्माण कराने एंव कस्बा का मुख्य मार्ग के कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। गृह सचिव से वार्ता के दौरान अवगत कराया गया कि नगर पंचायत की सीमा के बाहरी मुहल्लों की साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था, निर्माण कार्य कराने हेतु सीमा विस्तार की मांग की। इससे मताधिकार के हक के साथ उक्त बाहरी मुहल्लों के निवासियों को नगर पंचायत द्वारा मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं मिल सके। जिस पर गृह सचिव ने नगर विकास विभाग से इस संबंध बात करने का आश्वासन दिया।
ब्लॉक प्रमुख ने की पुलिस चौकी व फायर स्टेशन की मांग
महरौनी। गृह सचिव के कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक प्रमुख महरौनी ने मुलाकात करते हुए एक ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि महरौनी कोतवाली से 15 किलोमीटर की दूरी व नाराहट थाना से भी 15 किलोमीटर की दूरी होने से ग्राम पठा विजयपुरा में अपराध नियंत्रण व जन सुविधा हेतु पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। जिस पर गृह सचिव ने बताया कि शासन स्तर से नयी पुलिस चौकी के स्थापन की प्रक्रिया चल रही हैं। यदि उक्त ग्राम मानक के अनुरूप आता है तो पुलिस चौकी बना दी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने ब्लॉक प्रमुख की मांग को गंभीरता से लेते हुए अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित करने का आश्वासन दिया। वहीं, आगजनी से आये दिन गर्मी के मौसम में फसल की बर्बादी को रोकने के लिए तहसील मुख्यालय पर फायर ब्रिगेड की मांग की। गृह सचिव ने बताया कि शासनादेश के अनुसार तहसील स्तर पर गर्मी के मौसम में दमकल हर तहसील स्तर पर उपलब्ध रहेगी। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रताप सिह उपजिलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह पुलिस क्षेत्राधिकारी विनोद सिह तहसीलदार गुलाब सिंह अधिशाषी अधिकारी अवनीश गंगवार कोतवाली निरीक्षक बृजेश कुमार बघेल सहित पुलिस स्टाप उपस्थित रहा।