दिव्यांगों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन
ललितपुर।
विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर स्थानीय आदर्श विद्यालय में आयोजित दिव्यांग बच्चों की जनपद स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार के मुख्य आतिथ्य व विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार व वित्त एवं लेखाधिकारी दयाशंकर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन करके किया।
शुभारंभ अवसर पर कैंप के दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित बच्चों द्वारा मां सरस्वती की वन्दना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति की गई। बच्चों द्वारा कृष्ण सुदामा मित्रता नाट्य मंचन सभी के द्वारा अत्यंत सराहा गया। इसी क्रम में दृष्टिबाधित छात्र राजाराम व छात्रा राखी झा द्वारा गीत की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। मानसिक मंद छात्र-छात्राओं की वास्केटबॉल व बिस्कुट दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। वास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय चौबयाना के छात्र अनमोल ने प्रथम व अक्षय ने द्वितीय और छात्रा सौम्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बिस्कुट दौड़ प्रतियोगिता में प्राथमिक विश्रय लेड़ियापुरा के छात्र गोलू ने प्रथम, जखौरा के आशीष ने द्वितीय और मिथलेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इसी क्रम में दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं की ब्रेल लेखन, छूकर व सूंघकर पहचानो और गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। ब्रेल लेखन में विशाल ने प्रथम, फजान ने द्वितीय और आशीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छूकर व सूंघकर पहचानो प्रतियोगिता में राखी झां ने प्रथम, किशोरी लाल ने द्वितीय और प्रिंस अंडेला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गायन प्रतियोगिता में राजाराम ने प्रथम, अभिषेक ने द्वितीय और संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह श्रवणबाधित छात्र-छात्राओं की सामान्य दौड़, कुर्सी दौड़ व रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई। 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कैंप के सौरभ ने प्रथम, जनक ने द्वितीय और भरत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुर्सी दौड़ में अंशिक प्रथम, राज द्वितीय और खुशबू तृतीय स्थान पर रहे। वहीं रस्साकसी प्रतियोगिता में विजय रही टीम में सौरभ, जनक, विक्की, गफ्फार व विकास उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांग बच्चों में कुछ विशेष योग्यताएं होती हैं, जिन्हें अध्यापकों को पहचानकर निखारने की आवश्यकता है। ऐसे बच्चों को दया नहीं सहयोग की आवश्यकता है, इनको प्यार दुलार के साथ शिक्षा दी जाना चाहिये। इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि इन दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने वाले अध्यापकों द्वारा किए गए कार्यों की झलक बच्चों के प्रदर्शन में दिखाई दे रही है। वहीं जिला समन्वयक समेकित शिक्षा दीपमाला द्वारा जनपद में समेकित शिक्षा के लिए चलाये जा रहे कार्यक्रमों की आख्या प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि द्वारा जनपद के दिव्यांग अध्यापक बृजमोहन तिवारी व अन्य खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय व्हीलचेयर बास्केटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन हेमंत तिवारी ने किया। इस दौरान मुख्य रूप से जिला समन्वयक प्रशिक्षण कमलेश कुमार, जिला समन्वयक निर्माण जाहर सिंह, अमित कुमार श्रीवास्तव, अजीत कुमार, शिवकुमार मौर्य, ज्ञानेश तिवारी, दीपक अग्रवाल, मदनमोहन राज, पुनीत कुमार, रवि भास्कर, प्रतीक दीक्षित, शशिकला मौर्य, मनोज कुमार, अभय राज सेन, रामदेवी खरे, सुधा सिंह, मुन्नी खरे, हीरा बाई एवं जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे।