दो व्यापारी व दो किसानों को दी ई-नाम की उपाधि
ललितपुर। राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के अंतर्गत गल्ला मंडी में सबसे अधिक जिंस खरीदने और बेचने पर कृषि मंडी समिति द्वारा दो व्यापारियों व दो किसानों को ई-नाम की उपाधि से सम्मानित किया गया।
कृषि मंडी समिति द्वारा बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय कृषि बाजार के अंतर्गत ई-नाम दिवस के रुप में मनाया गया। इसमें राष्ट्रीय कृषि बाजार के तहत सबसे अधिक जिंस की खरीदारी करने पर दो व्यापारी अशोक कुमार व सनत कुमार जैन ई-नाम व्यापारी एवं सबसे अधिक जिंस बेचने पर दो किसानों ग्राम अमरपुर निवासी देवेंद्र कुमार व ग्राम बछलापुर निवासी रामनाथ कुशवाहा को ई-नाम कृषक की उपाधि से सम्मानित करते हुए मंडी समिति के सभापति योगेंद्र बहादुर सिंह ने उन्हें शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। भारत सरकार द्वारा इस योजना को बढ़ावा देने के लिए माह की प्रत्येक 14 तारीख को इस कार्यक्रम का आयोजन ई-दिवस के रुप में किया जाता है। इसमें उस माह में इस योजना के द्वारा सबसे अधिक कारोबार करने वाले व्यापारी को ई-नाम की उपाधि से एवं उस माह सबसे अधिक माल बेचने वाले किसान को ई-नाम कृषक की उपाधि से सम्मानित किया जाता है। मंडी सभापति ने कहा कि यह योजना शासन द्वारा व्यापार को कैशलैस बनाया जा रहा है। मंडी सचिव पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि इस योजना से किसान और व्यापारी अधिक से अधिक भागीदारी करें, जिससे किसानों को अपने अनाज का उचित दाम एवं व्यापारी को सही लाभ मिल सके। कार्यक्रम का संचालन मंडी सहायक अटल बिहारी रावत ने किया। इस मौके पर गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक अनौरा, मंडी इंस्पेक्टर अनिल श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार, आनंद, देवेंद्र निरंजन, अक्षय दिवाकर, मनोज जैन, आलोक जैन, प्रमोद गुप्ता, संतोष इमलिया, शीलचंद, वीर सिंह पटेल, अंकेश साहू, दुर्गेश पांडेय उपस्थित रहे।