गर्म कपड़ों का बाजार इस समय भी पड़ा ठंडा
ललितपुर।
इस वर्ष सर्दी कम पड़ने से गर्म कपड़ों के बाजार में मायूसी नजर आ रही है। दिसंबर का दूसरा सप्ताह चल रहा है। लेकिन अब भी दिन में स्वैटर, जैकेट व गर्म कपड़े पहनकर निकलने पर कड़ाके की धूप में गर्मी की वजह से परेशान हो जाते हैं। ऐसे में करीब एक माह से सजे गरम कपड़ों के बाजार में ठंडा है। कपड़ों के विक्रेता दुकानदार दीपावली के बाद से ही ऊनी कपड़े कपड़ों का स्टाप मंगवा लेते हैं। लगभग नवंबर के मध्य से दुकानों में ऊनी कपड़े सजने लगते हैं। लेकिन इस वर्ष दिसंबर के दूसरे सप्ताह में भी गर्म कपड़ों की ज्यादा मांग न होने पर दुकानदारों के चेहरे मुरझाए हुए हैं। दुकानदारों को गर्म कपड़ों की बिक्री न होने की चिंता सता रही है। पिछले वर्ष इस समय तक गर्म कपड़ों की मांग बहुत ज्यादा थी। स्टॉक पर्याप्त है। अब आने वाले दिनों के मौसम पर ही बाजार निर्भर करेगा।
फुटपाथ के बाजारों में भी रौनक गायब
ठंड का मौसम शुरू होते ही शहर के घंटाघर के पास सजने वाले फुटपाथ बाजार से भी रौनक गायब है। दुकानदारों ने बताया कि नवंबर के दूसरे सप्ताह से दुकानें लगाई थीं। लेकिन सर्दी न पड़ने की वजह से बाजार एक दम ठप पड़ा है। आने वाले दिनों में भी अगर मौसम के साथ ग्राहकों का रुख नहीं बदलता तो लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।
ज्यादा ठंड न पड़ने से गर्म कपड़ों का बाजार प्रभावित है। स्वेटर, जैकेट का तो क्या कहें, मफलर, टोपी तक नहीं बिक रही है। बीते सालों में 15 दिसंबर के बाद फिर स्टॉक मंगाना पड़ता था, लेकिन इस बार तो पहला स्टॉक निकल जाए इसी की चिंता बनी है।
अंकुर जैन, ड्रीम कलैक्शन
सामान्य दिसंबर में अच्छी सर्दी पड़ती थी। लेकिन इस बार मौसम साथ नहीं दे रहा है। इसका प्रभाव गर्म कपड़ों के व्यापार पर पड़ रहा है। दिन में जैकेट, व स्वेटर भी पहन के निकलना मुश्किल है। चिलचिलाती धूप में स्वेटर व जैकेट उतारना पड़ता है। इस कारण अभी बाजार मंदा चल रहा है।
मनोज सचान, मेगा ग्लोबल मार्ट