एआरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों का टोटा
ललितपुर। स्थानीय एआरटीओ विभाग वर्तमान में खाली हो गया है। कार्यालय में कुल छह लिपिक तैनात थे, इनमें से चार लिपिकों को स्थानांतरण अन्य जनपदों में हो चुका है और उन्हें रिलीव भी कर दिया गया है। उनके स्थान पर अभी तक किसी ने भी तैनाती नहीं ली है। पटलें खाली हो जाने के कारण विभाग के लगभग समस्त महत्वपूर्ण कार्य जैसे लाइसेंस व वाहन रजिस्टेशन व वाहन फिटनेस आदि कार्य प्रभावित हो गए हैं।
बीते दिनों में शासन ने परिवहन विभाग में काफी फेरबदल किया है। लंबे समय से एक ही जनपद में जमे अधिकारियों से लेकर लिपिकों, सिपाहियों व कर्मियों के स्थानांतरण अन्य जनपदों में किए हैं। इन स्थानांतरण की कार्रवाई के कारण स्थानीय सहायक परिवहन विभाग के चार लिपिक और दो सिपाही आए हैं, जिनका स्थानांतरण हो चुका है। कार्यालय में तैनात सुरेश राजे का स्थानांतरण झांसी हो गया है, जो लाइसेंस संबंधी का काम रेखते थे। इसके अलावा वाहन रजिस्ट्रेेशन का काम देखने वाले लिपिक अविनाश वर्मा का भी स्थानांतरण झांसी हुआ है और लिपिक गजाधर प्रसाद महोबा पहुंच गए हैं, जो यहां पर प्रवर्तन विभाग द्वारा पकड़ी गई गाड़ी को रिलीव करने का काम करते थे। इसके अलावा लिपिक केके मिश्रा का स्थानांतरण प्रतापगढ़ हो गया है, जो वाहनों की फिटनेस का काम देखते हैं। इन चारों लिपिकों का स्थानांतर विगत 14 अगस्त को हुआ है और दो दिन पूर्व इनको जनपद से नवीन तैनाती स्थल के लिए रिलीव भी कर दिया है, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी इनके स्थान पर अभी तक किसी भी नवीन लिपिक ने जनपद में अपनी आमद दर्ज नहीं कराई है। इससे विभाग में होने वाले जरुरत के सभी कार्य प्रभावित हो गए हैं। वर्तमान में कार्यालय में केवल दो ही लिपिक गंगा शरण त्रिपाठी और वीरेंद्र शर्मा बचे हुए है। जनपद के लिए जिन लिपिकों का स्थानांतरण शासन ने किया है उनमें पांच लिपिक शामिल है, इनमें जनपद उरई से केडी त्रिपाठी व राजकुमार गौतम, मुरादाबाद से लोकेंद्र सिंह, मथुरा से आशीष और अमरोहा से देवेंद्र कुमार सिंह का स्थानांतर जनपद में किया गया है। वहीं प्रवर्तन इकाई में तैनात दो सिपाहियों नीरज रायकवार का मथुरा और सुमित का बांधा स्थानांतरण किया गया है और उनके स्थान पर फतेहपुर के पंकज त्रिपाठी व उरई के आशीष का स्थानांतरण हुआ है। हालांकि, अभी सिपाहियों को रिलीव नहीं किया गया है।