चंदेरा में सड़क निर्माण कराने के दिए निर्देश
ललितपुर।
जिलाधिकारी ने जिला उद्योग बंधु की बैठक लेते हुए औद्योगिक आस्थान चंदेरा में सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए। इससे पहले उद्यमियों ने सड़क निर्माण में आ रही समस्या पर ध्यान खींचा। जिस पर उन्होंने लोक निर्माण खंड को सड़क निर्माण कराने के लिए कहा। डीएम मानवेंद्र सिंह ने कहा कि औद्योगिक आस्थान चंदेरा में स्थित पार्कों पर ग्रेनाइट की डस्ट/कटिंग के पत्थर उद्यमी द्वारा डाले गए हैं, जिन्हें तत्काल हटवाया जाए। उद्यमी अपनी फैक्टी में कम से कम पांच पौधों का रोपण जरूर कराए। इस पर वन विभाग के अधिकारी वीके जैन ने कहा कि यदि तार फेन्सिंग करवा दें तो हम पौधे रोपित करा देगें। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 15 दिन के अंदर आवेदन पत्र बैंकों से स्वीकृत कराने के लिए अग्रणी जिला प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक को निर्देशित किया। हस्त शिल्पी क्रेडिट कार्ड योजना में क्रेडिट कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए। बैठक में अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक एके मित्तल, व्यापार कर अधिकारी दिनेश पाल, पवन कुमार बाबा, अनिल कुमार जैन, सेवाराम चौधरी, मदन मोहन गोस्वामी आदि उपस्थित रहे। अंत में कमलेश सर्राफ ने सभी का आभार प्रकट किया।