नपाध्यक्ष पर ठेका निरस्त करने का बढ़ा दवाब
ललितपुर।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पर ठेका निरस्त करने का दबाव बढ़ गया है। शुक्रवार को वार्ड पार्षद एवं स्थायी कर्मचारियों ने आंदोलन कर रहे आउटसोर्सिंग कर्मियों के पक्ष में उतरते हुए नपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। जिस पर छब्बीस में से 22 पार्षदों ने हस्ताक्षर बने हैं। वहीं, स्थायी कर्मचारियों ने एसडीएम सदर व एसपी को ज्ञापन दिया है।
पालिका प्रांगण में आठवें दिन आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वार्ड पार्षदों और स्थायी कर्मचारियों का खुलकर समर्थन प्राप्त हो गया है। सुबह नौ बजे कार्यालय खुलने के साथ ही पालिका के स्थायी कर्मचारियों ने बैठक कर ठेकेदार के प्रतिनिधि द्वारा किए जा रहे बर्ताव को लेकर नाराजी जाहिर की। इसके उपरांत कर्मचारियों ने एसडीएम सदर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इसमें आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग ठेकेदार के प्रतिनिधि द्वारा पालिका कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की जा रही है। उन्होंने ठेका निरस्तीकरण की कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान रामसेवक वाल्मीकि, हबीब खान, रमाकांत तिवारी, दीनदयाल सोनी, अभिषेक चौबे, दीपेंद्र कुमार, रामनारायण रावत, चंद्रविनोद मिश्रा, सिकंदर खां, सुधीर रावत, अमित रैकवार, अमित पाराशर आदि मौजूद रहे। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ ने पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की मांगों को पूर्ण किये जाने की मांग की। वहीं, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने पालिका के 26 में से 22 पार्षदों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल को सौपा। इसमें उन्होंने ठेका निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन पर पार्षद जगदीश यादव, धर्मेन्द्र कुमार उर्फ रूपेश, शायस्ता बानो, रजनी रजक, रामसखी कुशवाहा, रामसेवक प्रजापति, पार्वती रजक, अनुराग चौबे, तबस्सुम, सहारा बानो, रागिनी समैया, आशाराम कुशवाहा, कृष्ण कुमार पंथ, मोदी पंकज जैन, विवेक दरौनियां, कमल सिंह यादव, अशोक कुमार पंथ, सुरेन्द्र सिंह उर्फ भैया यादव, पुष्पारानी कुशवाहा, मोहम्मद इदरीश राईन, अनुराग जैन शैलू, ममता तिवारी आदि के हस्ताक्षर बने हैं। आज के धरना प्रदर्शन में मंजीत करौसिया, कुंजबिहारी बाबरा, लालाराम बाल्मीकि, दीपक घावरी, जीवन दाऊ, किरन करौसिया, विनीत वाल्मीकि, चन्द्रभान करौसिया, अमित चौहान, कपिल राठौर, गौहर खान, आदेश कुमार, रूपेश कुमार, सनी कुमार आदि उपस्थित रहे। उधर, आउट सोर्सिग ठेकेदार किरन जैन ने प्रदेश के नगर विकास मंत्री को ज्ञापन भेजकर नवनियुक्त कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज नहीं कराने का आरोप विभागीय कर्मियों पर लगाया है। इसमें कहा गया कि नए कर्मचारियों की सूची डाक के माध्यम से भेजी गई, लेकिन नपा कर्मियों ने डाक लेने से मना कर दिया। इस तरह किसी न किसी तरह ठेका निरस्त करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों की सूची प्राप्त कराने के साथ उनकी उपस्थिति दर्ज कराने की मांग की है।