संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अतिवृष्टि से खरीफ की दलहनी फसलों में काफी नुकसान पहुंचा है। करीब 2 लाख 10 हजार हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। एक लाख 50 हजार किसानों को दैवीय आपदा से क्षतिपूर्ति के लिए शासन से 120 करोड़ रुपये मांगे गए थे। शासन ने 45 करोड़ रुपये भेज दिए थे। सोमवार को 15 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे गए।
किसानों को राहत देने के लिए तहसील स्तर पर फीडिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक अतिवृष्टि से प्रभावित करीब 75 हजार किसानों का डाटा फीड हो चुका है। किसान का जमीन संंबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड व बैंक खाता संख्या फीड किया जा रहा है। अभी दैवीय आपदा में प्रभावित आधे किसानों की फीडिंग नहीं हो पाई है, इसका कार्य चल रहा है। शनिवार रात्रि शासन ने राहत राशि की प्रथम किस्त के रूप में 45 करोड़ रुपये भेजे थे, जिनमें से करीब 20 हजार किसानों के खाते में 15 करोड़ की धनराशि पहुंचाने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। दैवीय आपदा में अधिकतम राहत राशि दो हेक्टेयर भूमि के लिए 17 हजार 500 रुपये किसानों को दी जाती है।
-
किसानों के खातों में दैवीय आपदा राहत राशि भेजना शुरू कर दिया गया है।
अंकुर श्रीवास्तव, एडीएम।