ट्रांसफार्मरों के मरम्मत कराने के निर्देश जारी
ललितपुर। गर्मी का मौसम शुरू होते ही बिजली विभाग को शहर में स्थापित ट्रांसफार्मरों व जर्जर तारों की याद आ गई है। ओवरलोड या अन्य कारणों से फाल्ट होने पर बिजली कहीं शहर वासियों को रुला न दे, इसके लिए बिजली विभाग ने शहर में विभिन्न स्थानों पर रखे ट्रांसफार्मरों का मरम्मत कराने, ट्रांसफार्मर के पास लगी झाड़ियां हटान और जर्जर केबल बदलने के निर्देश जारी किए हैं।
शहर में तीन विद्युुत सब स्टेशनों गल्ला मंडी स्थित 66 केवी, नझाई बाजार व बाईपास स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन और करीब तीन सौ ट्रांसफार्मर और 110 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइनों के फैले जाल के माध्यम से पूरे शहर को बिजली आपूर्ति प्रदान की जाती है। विद्युत विभाग द्वारा शहर में लंबे समय से मरम्मत नहीं होने की वजह से कई जगह ट्रांसफार्मरों के आसपास झाड़ियां निकल आई हैं, जो अब सूख भी चुकी हैं। कई ट्रांसफार्मरों की केबलें भी पिघल चुकी हैं। इसके चलते कई जगह ट्रांसफार्मर व विद्युत तारों में फाल्ट होने पर चिंगारियां गिरने से आग का खतरा बढ़ गया है। बहुत से मुहल्लों में विद्युत तारों की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। कई बार लाइनमैन द्वारा भी अधिकारियों को विद्युत ढांचे के बारे में अवगत कराया गया, लेकिन आए दिन होने वाली विद्युत वसूली अभियान या फिर अन्य कई विभागीय व्यस्तताओं के कारण कई महीनों से शहर में ट्रांसफार्मर व विद्युत तारों के मरम्मत का कार्य अटका हुआ है, लेकिन अब गर्मी भी शुरू हो गई हैं, इसके चलते सभी फीडरों पर लोड भी बढ़ने लगा है और विद्युुत फाल्ट में भी इजाफा हुआ है। इसे देखते ह़ुए विभागीय अधिकारियों ने शहर के सभी ट्रांसफार्मरों के आसपास उग आई झाड़ियां कटवाने के साथ ही ट्रांसफार्मरों की केबल बदलवाने का निर्णय लिया है। यही नहीं जर्जर तारों की स्थिति को सुधारने के लिए फेस, जंपर बदलने के निर्देश दिए हैं। उपखंड अधिकारी प्रथम अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मार्च के अंत तक शहर के सभी ट्रांसफार्मरों का मेंटीनेंस कराया जाएगा, पिघल चुकी केबल बदली जाएगी। ट्रांसफार्मरों के तेल की जांच कर तेल भी बदलवाया जाएगा, ताकि गर्मी राहत पूर्वक गुजर सके।