बोर से पानी की सप्लाई की जाए
ललितपुर। विकासखंड विरधा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धौर्रा निवासी ग्रामीणों ने प्रधान के नेतृत्व में बोर से पानी सप्लाई कराए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ग्राम में पानी की सप्लाई के लिए सेंट्रल ग्राउण्ड वाटर बोर्ड द्वारा बोर कराया गया था। 27 जनवरी 2016 को बोर्ड ने 203 मीटर गहरे दो बोर किए थे। इनमें 106 मीटर बोर होने के बाद पर्याप्त 4.5 इंच पानी मिल गया था। इसके बाद बोर्ड ने जल निगम को हैंडओवर कर दिया था। जिसमें जल निगम को बाटर लाइन डालना तथा टंकी बनाने का कार्य करना है। ग्रामीणों ने पानी की समस्या को देखते हुए बोर से पानी की सप्लाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन पर ग्राम प्रधान बबीता देवी, रामेश्वर प्रसाद मिश्रा, संजय जैन, धमेंद्र यादव, पप्पू यादव, जगभान सिंह, लाल सिंह, अवधनारायण शर्मा, हरीराम आदि के हस्ताक्षर रहे।
दुकान के ताले तोड़कर सामान चोरी
ललितपुर। तुवन मंदिर चौराहे पर रविवार की रात अज्ञात चारों ने एक गुमटी के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। शहर कोतवाली अंतर्गत मुहल्ला लेड़ियापुरा निवासी रुप सिंह पुत्र बारेलाल लोधी ने प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि तुवन मंदिर चौराहा पर चाय, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट की दुकानदारी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता है। बीते 19 नवंबर की रात में चाय की दुकान बंद कर अपने घर चला गया। रात्रि में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर डिब्बे में रखे सिलेंडर, चूल्हा, भगौना, स्टील मग, हत्था, केतली, चम्मच, गुटखा, सिगरेट, साबुन, खुल्ले पैसे चार सौ रुपये, व अन्य सामान ले गए। इसकी पीड़ित को सुबह हुई। पीड़ित ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।