संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए चलाई जा रही ओटीएस यानि एक मुश्त समाधान योजना का पहला चरण खत्म हो गया है। विभाग ने पहले चरण में 7,887 उपभोक्ताओं का पंजीकरण कराकर साढ़े तेरह करोड़ राजस्व वसूला है।
ओटीएस योजना इस बार 15 दिसंबर से तीन चरणों में लागू की गई है। 15 से 31 दिसंबर तक पहले चरण में एसडीओ, जेई, टीजीटू व लाइन मैन के अलावा कार्यालय के कर्मचारियों को भी राजस्व वसूली के लिए लगाया गया था। 31 दिसंबर तक 7,887 बकायेदारों के पंजीकरण कराए गए और पहली किस्त के रूप में 13 करोड़ 34 लाख रुपये का राजस्व वसूला। पंजीकरण कराने वाले सभी उपभोक्ताओं द्वारा पूरी किस्तें जमा करने पर यह राशि तीन गुना तक यानि 39 करोड़ राजस्व वसूली होने की संभावना है।
इस अभियान के दौरान दो हजार से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे गए। बकाया जमा नहीं करने पर कई उपभोक्ताओं के मीटर भी उखाड़े गए। ओटीएस योजना का दूसरा चरण भी पहली जनवरी से शुरू हो गया है, जो पंद्रह जनवरी तक चलेगा। तीसरा चरण 16 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा। सर्किल कार्यालय के अधीक्षण अभियंता राजीव कालरा ने बृहस्पतिवार को दोनों खंडीय एवं सभी उपखंडीय कार्यालयों के अधिकारियों को टीमें गठित कर चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाने के निर्देश दिए। पांच, दस और पचास हजार के बकायेदारों की सूची तैयार कर राजस्व वसूली करने को कहा है।
-
राशन की दुकानों पर भी जमा हो रहा बिल : ओटीएस योजना के तहत उपकेंद्रों पर बनाए गए काउंटर के अलावा जन सुविधा केंद्रों, मोबाइल एप और राशन की दुकानों पर भी पॉश मशीनों के माध्यम से बिल जमा करने की सुविधा दी गई है। ताकि उपभोक्ताओं को उपकेंद्रों तक जाने के लिए परेशान न होना पड़े।