मुख्य मार्गों के अतिक्रमण पर जेसीबी का चलेगा पंजा
ललितपुर। शहर के मुख्य मार्गों के आसपास पसरे अतिक्रमण पर जेसीबी कहर बनकर टूटेगी। नगर पालिका परिषद ने अभियान का खाका तैयार कर लिया है। इसके अंतर्गत 23 फरवरी को इस अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा जो 02 मार्च तक चलेगा।
शहर के विकास पर नगर पालिका परिषद करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। इसके बाद भी यहां विकास नजर नहीं आ रहा है। इसकी वजह मुख्य मार्गों व बाजारों में पसरा अतिक्रमण है। ऐसा कोई मार्ग और ऐसी कोई गली नहीं बची जहां पर अतिक्रमण नहीं हो। नगर पालिका परिषद अतिक्रमण हटाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाती है लेकिन अतिक्रमण स्थाई रूप से नहीं हट पाता है। कभी पालिका कर्मी अभियान में शिथिलता बरत देते हैं तो कभी हटाने के अगले दिन ही दुबारा अतिक्रमण पसर जाता है। इसका नतीजा यह है कि आज तक कोई एक मार्ग अतिक्रमणमुक्त नहीं हो पाया है। इससे पालिका कार्यालय भी नहीं बच सका है। इसके कैंपस से सटे हुए चाय, नाश्ते व फल के ठेले खड़े होते हैं। वहीं, बगल की गली में अतिक्रमण के कारण दुपहिया वाहन निकालना मुश्किल हो जाता है। घंटाघर से शहजाद नदी के उस पार गोविंद सागर बांध की बड़ी नहर तक अतिक्रमण जगह-जगह देखा जा सकता है। इसी तरह पानी की बड़ी टंकी से लेकर कसाई मंडी, इलाइट चौराहे तक जगह-जगह अतिक्रमण बना हुआ है। बाजारों पर नजर दौड़ाएं तो कटरा बाजार, लोहा पीतल बाजार, नझाई बाजार, डा. भीमराव अंबेडकर कामर्शियल कांप्लेक्स, स्वतंत्रता सेनानी पं. ब्रजनंदन शर्मा मार्केट, पुराना बस स्टैंड, बस स्टैंड पर अतिक्रमणकारियों ने कहीं खाली जगह बाकी नहीं छोड़ी है। इन सबके बाद भी नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान बाजारों के अतिक्रमण को नजरअंदाज कर दिया है। अतिक्रमण हटाओ अभियान में 23 फरवरी को घंटाघर से तुवन चौराहे तक, 28 फरवरी को तुवन चौराहे से गिरजाघर होकर अभिलाषा पेट्रोल पंप से बस स्टैंड तक, 01 मार्च को पुरानी तहसील से सदरकांटा एवं बीएसए कार्यालय होते हुए जिला अस्पताल तक, 02 मार्च को घंटाघर से सावरकर चौक, आजाद चौक होते हुए नदी पुल तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। बता दें कि बीते माहों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक दिन ही पुलिस की मौजूदगी में अभियान चल पाया था। दूसरे दिन ईओ की गैर मौजूदगी में पालिका कर्मियों ने अभियान चलाया था। इस पर डीएम मानवेंद्र सिंह ने एसडीएम की उपस्थिति में अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। अब नगर पालिका ने नए सिरे से अभियान का कार्यक्रम बनाया है। ईओ ने अभियान को सफल बनाने के लिए प्रांतीय खंड/निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग, एसडीएम सदर व सीओ सदर को भी पत्र लिखा है। वहीं, कर निर्धारण अधिकारी अनिल कुमार अरुण को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
कप्तान से मांगा पुलिस बल
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की जरूरत है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है।
मधुसूदन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद