सांसद आदर्श ग्राम पवा के स्कूलों का होगा मूल्यांकन
ललितपुर।
सांसद आदर्श ग्राम पवा में संचालित विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को शतप्रतिशत ठीक करने के लिए शासन ने विगत नवंबर माह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला पंचायत अधिकारी को निर्देशित किया था। बीते चार-पांच माह में अधिकारियों द्वारा इन विद्यालयों में किए गए कार्यों का मूल्यांकन किया जाना है। यह मूल्यांकन कार्य डीएम द्वारा गठित टीम करेगी और रिपोर्ट पांच अप्रैल तक शासन को भेजी जानी है।
सूबे के जनपदों में तैनात डीएम व सांसद अपने-अपने क्षेत्र के एक ग्राम को आदर्श ग्राम बनाने के लिए उद्देश्य से गोद लिए हुए हैं। इन्हीं गांवों में संचालित हो रहे परिषदीय विद्यालयों को शत प्रतिशत शिक्षा से आच्छादित बनाया जाए, इसके लिए सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक डॉ. वेदपति मिश्र ने विगत छह नवंबर को समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया था। क्षेत्रीय सांसद उमा भारती तालबेहट क्षेत्र के ग्राम पवा को गोद लिए हुए हैं। इस गांव में कुल चार परिषदीय विद्यालय हैं, इनमें तीन प्राथमिक और एक उच्च प्राथमिक विद्यालय है। इन विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता व बच्चों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों द्वारा क्या-क्या कार्य व कितना सुधार किया गया है, अब इनका मूल्यांकन भी किया जाना है। हाल ही में विगत 15 मार्च को सर्व शिक्षा अभियान के गुणवत्ता प्रकोष्ठ के यूनिट इंचार्ज कमलाकर पांडेय ने जिला बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) को निर्देश दिए हैं। डीएम द्वारा गठित टीम इन विद्यालयों को भ्रमण करके विद्यालयों के मूल्यांकन की रिपोर्ट तैयार करके पांच अप्रैल तक परियोजना निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इन मानकों पर होना है मूल्यांकन
- शिक्षण के दौरान विविध सामग्री और पुस्तकालय का उपयोग करना।
- कक्षा में भयमुक्त, समतापरक और उत्साहवर्द्घक माहौल होना।
- पढ़ाए गए पाठ के अनुसार बच्चों की कार्य पुस्तिका व कॉपियां पूर्ण हो तथा शिक्षक द्वारा जांच कर सुझाव दिया गया हो।
- कक्षा 02 से पांच तक के बच्चे हिंदी की पाठ्य पुस्तक तथा कक्षा 06 से 08 तक के बच्चे अंग्रेजी की पाठ्य पुस्तक पढ़ने में दक्ष हों।
- कक्षा 01 से 08 तक की समस्त विषयों की पाठ्य पुस्तकों में दी गई लर्निंग इंडीकेटर के आधार पर बच्चों के अधिगम कम से कम 70 प्रतिशत से ऊपर हो।
- बच्चों के रिजल्ट कार्ड माता-पिता के साथ समय समय शेयर किया।
इनका कहना
इस कार्ययोजना में केवल सांसद आदर्श ग्राम पवा में संचालित चार परिषदीय विद्यालयों को शामिल किया गया था। विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार कार्य लगातार जारी है व विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं पूर्ण रुप से उपलब्ध करा दी गई हैं। मूल्यांकन कार्य भी समय से कर लिया जाएगा।
- अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, ललितपुर।