पेपर लीक होने से 20 प्रतिशत ने छोड़ी परीक्षा
ललितपुर।
दीनदयाल जन्मशती समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित सामान्य ज्ञान परीक्षा का पेपर एक दिन पहले सोशल मीडिया पर अपलोड होने से सैकड़ों विद्यार्थियों ने इससे किनारा कर लिया। अकेले नगर में ही 436 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग नहीं किया है। ग्रामीण क्षेत्रों के कई केंद्रों पर भी अव्यवस्था देखी गई।
भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2019 के आम चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। प्रदेश नेतृत्व ने पंडित दीनदयाल जन्मशती समारोह के बहाने युवाओं को पार्टी की विचाराधारा से परिचित कराना प्रारंभ कर दिया है, जिससे कि भविष्य में मतदाता बनने पर उनका झुकाव भाजपा की ओर रहे। इसी क्रम में सामान्य ज्ञान परीक्षा स्कूल/कालेजों में आयोजित की गई। जिसमें 30 सेंटरों पर 4200 छात्र/छात्राओं को बैठाने का लक्ष्य रखा गया। लेकिन, अव्यवस्था के चलते ऐसा संभव नहीं हो सका। जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के कई केंद्रों पर परीक्षा नहीं कराई जा सकी। सोशल मीडिया में पेपर लीक होने का सबसे ज्यादा असर नगरीय इलाकों में दिखाई दिया। जीआईसी में नामांकित 380 के सापेक्ष 241, पीएन इंटर कालेज में 98 के मुकाबले 50, जीजीआईसी में 443 के सापेक्ष 288, वर्णी कालेज में 288 के सापेक्ष 177 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। राजकीय बालिका इंटर कालेज में भाजपा नेता गजेंद्र, लक्ष्मी रावत व किरन सेन ने अपनी मौजूदगी में परीक्षा संपन्न कराई। नगर प्रभारी गजेंद्र का कहना है कि नगर के चारों केंद्रों पर सुचितापूर्ण तरीके से परीक्षा हुई है।
कापियों के मूल्यांकन पर नहीं हो सका निर्णय
परीक्षा संपन्न होने के बाद केंद्र पर ही कापियों के मूल्यांकन का प्रयास किया गया। लेकिन, इसमें कामयाबी नहीं मिली। आखिर में भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश कुमार सिंह के आवास में कापियां रखवाई गई।
केंद्र प्रभारियों की लापरवाही उजागर
कई केंद्र प्रभारियों की लापरवाही परीक्षा पर भारी पड़ गई। कई केंद्रों पर सामान्य ज्ञान पुस्तकें तो वितरित करा दी गई लेकिन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं कराने से तमाम परीक्षार्थी परीक्षा में बैठने से वंचित रह गए।
कमेटी बनाकर जांची जाएगी कापियां
जिले में पंद्रह से बीस प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी है। उन्होंने स्वीकारा कि कई जगहों पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराए जा सके हैं। कमेटी बनाकर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा।
देवेंद्र गुरु, जिला संयोजक
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता