आजादी सप्ताह के साथ मनेगा स्वतंत्रता दिवस
ललितपुर।
देश को आजादी मिले 71 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक हमारे देश को खुले में शौच से आजादी नहीं मिल पाई है। ग्रामीण इलाकों में खुले में शौच से आजादी सप्ताह बनाया जाना है। इसका शुभारंभ बुधवार को किया जाना है, जो 15 अगस्त तक चलेगा। इस एक सप्ताह चलने वाले विशेष अभियान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का निर्धारण भी केंद्रीय मंत्रालय से जारी कर दिया है। कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी शासन ने डीएम व जिला पंचायराज अधिकारी को सौंपी है। शासनादेश के क्रम में स्थानीय जिला पंचायतराज अधिकारी ब्रह्मचारी दुबे ने तैयारियां पूर्व कर ली है और इसका शुभारंभ बुधवार को किया जाएगा। इस विशेष सप्ताह जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए रोकने के लिए शौचालयों का उपयोग करने और भारत सरकार द्वारा बनवाए जा रहे व्यक्तिगत शौचालयों की योजना का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करना है। पूरे सप्ताह आयोजित होने वाली कार्यक्रमों की सूचना मय फोटोग्राफ से शासन से भेजी जाएगी।
यह है निर्धारित कार्यक्रम
शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार इस विशेष सप्ताह का शुभारंभ 9 अगस्त को जिला मुख्यालय पर स्थानीय मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य प्रतिनिधियों द्वारा किया जाना है। इसी क्रम में 10 अगस्त को जनपद व विकासखंड स्तर पर जागरूकता के लिए होर्डिंग, पोस्ट व बैनर आदि लगाए जाने हैं। 11 अगस्त को स्थानीय सिनेमा घरों में जागरूकता संबंधित लघु फिल्मों व संदेश से भरी विडियो का स्लाइड शो आयोजित किया जाएगा। 12 अगस्त को विद्यालयों में वादविवाद एवं निबंध प्रतियो गिताओं का आयोजन और 13 अगस्त को नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाना है। इसके अलावा 14 अगस्त को विद्यालयों में स्वच्छता को लेकर खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद सप्ताह के आखिरी और 71वें स्वतंत्रता दिवस के दिन जनपद व विकासखंड स्तारों पर आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा विकासखंड वार स्वच्छता व खुले में शौच मुक्त के लिए सराहनीय कार्य करने वाले को सम्मानित भी किया जाना शासन से निर्धारित किया गया है।
जनपद में एक भी नहीं हो सकता खुले में शौच मुक्त गांव
जनपद में कुल 416 ग्राम सभा है, जबकि कुल गांवों की संख्या इससे अधिक है। वर्ष 2014 से स्वच्छ भारत मिशन अभियान चलाया जा रहा है और इससे पूर्व से भी खुले में शौच मुक्त को लेकर योजनाएं संचालित की जा रही है। वर्षों बीतने के बाद भी जनपद में अभी तक एक भी गांव ऐसा नहीं है तो शत-प्रतिशत रुप से खुले में शौच मुक्त हो गया हो। इस संबंध में जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय में तैनात स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रभारी तबस्सुम ने बताया कि वर्तमान में लगभग 12 गांवों की सूची तैयार की गई है जो खुले में शौच मुक्त हो गए हैं, लेकिन अभी इन गांवों का भौतिक सत्यापन होना बाकी है। सत्यापन होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
विकासखंड स्तर पर जारी कर दिए आदेश
जिला अधिकारी की संस्तु़ति पर समस्त विकासखंडों पर कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए है। बुधवार को स्थानीय कलेक्ट्रेट में सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।
- ब्रह्मचारी दुबे, जिला पंचायतराज अधिकारी, ललितपुर।