मनमानी के आरोप में दो प्रधानाध्यापक निलंबित
ललितपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के दो प्रधानाध्यापकों को विद्यालय संचालन में मनमानी के आरोप में निलंबित कर दिया है। दोनों ही बिना किसी सूचना के विद्यालय से गैर हाजिर चल रहे थे। जिससे शिक्षण कार्य सहित कई कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीश कुमार ने उच्च प्राथमिक विद्यालय बम्हौरीखड़ेत का निरीक्षण किया। इस दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक मेहरबान सिंह बिना किसी सूचना के विद्यालय से गैर हाजिर मिले। ड्रेस वितरण की कोई तैयारी नहीं की गई है और न ही कुटेशन लिए गए हैं। अतिरिक्त कक्षा कक्षों के निर्माण की गुणवत्ता ठीक नहीं है। विद्यालय की रंगाई पुताई भी नहीं की गई है। जिस पर उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। उधर, ग्राम प्रधान भुचेरा व अन्य ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय चांदरा के प्रधानाध्यापक की शिकायत तहसील दिवस में की। बीएसए अंबरीश कुमार ने इसकी जांच के लिए विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया कि सत्रह से उन्नीस जुलाई तक बिना किसी सूचना के गैर हाजिर हैं। इसके अलावा 26 अप्रैल 16 से 19 जुलाई 17 तक मिड्डेमील नहीं पकाया गया है। जिस पर प्रधानाध्यापक महेंद्र बौद्घ को निलंबित कर दिया गया है।