नवनियुक्त शिक्षकों को दिलाया जाए वेतन
ललितपुर। एससी/एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बीएसए को ज्ञापन देकर नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद में कार्यरत शिक्षकों को एक ही पद पर दस वर्ष की सेवा पूरी करने पर चयन वेतनमान का लाभ दिया जाता है। इसके अंतर्गत शिक्षकों के आवेदन जमा करा लिए गए हैं, लेकिन उन्हें चयन वेतनमान का लाभ नहीं दिया जा रहा है। इसी तरह नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा अनुदेशक व शिक्षा मित्रों के लिए मानदेय की समस्या बनी हुई है। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी व महामंत्री संजीव सिद्धार्थ के हस्ताक्षर हैं।