परवई ने प्रयागराज को हराकर टूर्नामेंट पर किया कब्जा
ललितपुर। तुवन ग्राउंड पर चल रहे टीवीएस क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में परवई की टीम ने प्रयागराज को हराकर शील्ड पर कब्जा कर लिया। इस दौरान एमएलसी व पुलिस अधीक्षक ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
परवई की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित बीस ओवर में 166 रन बनाए। प्रयागराज की टीम ने 167 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए शुरुआत की। ओपनर बल्लेबाजों ने ठीक बल्लेबाजी की लेकिन इसके बाद कोई क्रीज पर टिककर नहीं खेल पाया। पूरी टीम 136 रन पर ढेर हो गई। परवई की ओर नरेंद्र ने चार विकेट लिए। इस पर उन्हें मेन आफ द मैच का खिताब दिया गया। एमएलसी रमा निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम वेग ने विजेता टीम के कप्तान को नकद पुरस्कार व शील्ड प्रदान कर दी। उप विजेता प्रयागराज की टीम को भी नकद पुरस्कार व शील्ड दी गई। आयोजन समिति में दीपक राठौर, धर्मेंद्र कुमार, शत्रुघन यादव, बृजबिहारी मिश्रा, नीरज जैन मुल्लन, विशाल यादव, दुर्जन कुशवाहा, लखन रैकवार उपस्थित रहे।