राख के ढेर में फंसे कई जानवर, कड़ी मशक्कत से निकाले
रजवारा में बना पावर प्लांट से निकली राखी का तालाब
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। पावर प्लांट की राख कचनौंदाकलां के अलावा आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों में डाली जा रही है, जिससे उन क्षेत्रों में राख के नदी व तालाब बन गए हैं। इस राख में आए दिन अनजाने में कई जानवर फंस जा रहे हैं। ऐसी ही स्थिति बुधवार को ग्राम रजवारा में देखने को मिली, जहां एक जमीन में डाली गई कई फुट गहरी राख में कई जानवर फंस गए और काफी देर तक नहीं निकल सके तो ग्रामीणों ने किसी प्रकार उन जानवरों को बचाने के लिए रेस्क्यू चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद जानवरों को राख के ढेर से बाहर निकाला। ग्राम रजवारा में गांव के किनारे करीब सात एकड़ जमीन पर पावर प्लांट की राख डलवाई जा रही है। इससे यहां चारों ओर से खुली जमीन पर राख का ढेर बनने से राख का तालाब व नाले जैसी स्थिति बन गई है। इसके चलते यहां लोगों के साथ जानवरों की जान को भी खतरा बन गया है। बुुुधवार को दोपहर में रजवारा में उक्त राख के तालाब जैसे ढेर में गांव के ही मुन्ना राठौर की भैंस फंस गई और वह गहराई में जाने के चलते बाहर नहीं निकल सकी। वहीं इस राख के ढेर में एक बछड़ा और कुछ कुत्ते भी फंसे हुए थे। जिन्हें ग्रामीणों ने एकत्रित होकर राख के गहरे ढेर में घुसकर किसी प्रकार बाहर निकाला जा सका। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी प्रकार सभी जानवरों को बाहर निकालकर ग्रामीणों ने उनकी जान बचाई।