अब 12वीं तक मिल सकेगी गरीब बेटियों को आवासीय शिक्षा
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
बहुत जल्द ही जनपद के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब परिवार की बालिकाओं को कक्षा 12वीं तक की आवासीय शिक्षा प्राप्त हो सकेगी। जनपद के सभी छह ब्लॉकों में कक्षा 06 से 8वीं तक संचालित हो रहे कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों को उच्चीकृत कर कक्षा 12वीं तक किया जा रहा है। ऐसा होने से संसाधनों और गरीबी के अभाव में बेटियों को कक्षा 8वीं के बाद शिक्षा नहीं छोड़नी पढ़ेगी। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत यह फैसला लिया गया है, जो सभी जनपदों में लागू होगा।
शिक्षा के क्षेत्र में हमारा जनपद आज भी बहुत पिछड़ा जिला है। शिक्षा के संसाधन और सुविधाएं भौतिक परिस्थितियों के अनुकूल नहीं होने के कारण आज भी ग्रामीण इलाकों की बेटियां कक्षा 08वीं तक पढ़ाई करने के बाद पढ़ाई-लिखाई से दूरी बना कर घरेलू कामकाजों में रुचि लेने लगती हैं। इन्हीं परिस्थितियों को बदलने के लिए और बालिकाओं को शिक्षित बनाने के लिए भारत सरकार बेेटी पढ़ाओ-बेटी बचाव योजना संचालित की जा रही है। इसी योजना के तहत भारत सरकार ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित होने वाले कक्षा 06 से 8वीं तक संचालित होने वाले कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान को समाहित करते हुए कक्षा 12वीं तक के लिए कर दिया गया है। जनपद के सभी ब्लॉक स्तर पर संचालित होने वाले कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अब बालिकाएं 12वीं तक की शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी। बालिकाओं को इंटरमीडिएट स्कूल दूर होने या न होने के कारण कक्षा 08वीं के बाद आगे की पढ़ाई नहीं छोड़नी पड़ेगी। गौरतलब है कि जनपद के विकासखंड जखौरा क्षेत्र का कस्तूरबा विद्यालय ग्राम मिर्चवारा में, बिरधा क्षेत्र का ग्राम कल्यानपुरा में, बार क्षेत्र का बानपुर में, मड़ावरा क्षेत्र का ग्राम गौना में और विकासखंड महरौनी व तालबेहट का ब्लॉक मुख्यालय पर ही संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में इन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में 100-100 बालिकाओं के रहने की क्षमता है। इन कस्तूरबा विद्यालयों का 12वीं तक उच्चीकृत करने के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत बजट जारी किया जाएगा।
ब्लॉकों में बने छात्रावासों को किया जा सकता है, समायोजित
शासन ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों को 12वीं तक संचालित कराने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि विगत कुछ वर्षों से माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जनपद के सभी ब्लॉकों पर कक्षा 09वीं से 12वीं तक की छात्राओं के लिए छात्रावास बनवाए जा रहे हैं। जनपद के तालबेहट, महरौनी और जखौरा ब्लॉक में करीब 5.10 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास का निर्माण पूर्ण हो चुका है, इस सत्र ने उनका संचालन भी शुरू हो गया है। वहीं बिरधा क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुरा में छात्रावास का निर्माण कार्य पूर्ण होने वाला है। इन छात्रावासों का भी समायोजन करके कस्तूरबा विद्यालयों में शामिल कर सकते हैं।