बेटना में बनने थे 250 शौचालय, बने सिर्फ 80
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण की हकीकत जानने के लिए ग्राम बेटना का निरीक्षण किया। यहां ढाई सौ के सापेक्ष मात्र अस्सी शौचालय ही बने मिले। इस पर उन्होंने सीडीओ को लक्ष्य के अनुसार सभी शौचालय का निर्माण पूरा कराने के निर्देेश दिए है।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने विकास खंड बिरधा के ग्राम बेटना पहंचकर ट्रिगरिंग टीम द्वारा किये गए बेसलाइन सर्वे की जानकारी प्राप्त की तथा अभिलेखों का निरीक्षण किया। बेटना में 250 शौचालयों का निर्माण किया जाना है, जिसके सापेक्ष अभी केवल 80 शौचालय ही बने पाए गए। जिलाधिकारी ने पुराने शौचालयों के साथ नये शौचालयों के प्रयोग किये जाने की समीक्षा की तथा मौके पर उपस्थित आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, लेखपाल तथा कोटेदार को निर्देश भी दिये कि वह अधिक से अधिक संख्या में लोगों को शौचालय के उपयोग के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने ट्रिगरिंग टीम के सदस्यों दीपा पांडेय, देवेंद्र कुमार रजक, संतोष सिंह पटेल, गजेंद्र भुड़ेले तथा महेंद्र राजपूत से उनके द्वारा किये जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय बेटना के परिसर में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि वह अपनी आदत तथा सोच में सुधार लाएं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, घर परिवार की इज्जत तथा मान-सम्मान से शौचालय निर्माण को जोड़ते हुए कहा कि यह आप के एक समझदार नागरिक तथा विकसित सोच के व्यक्ति के होने का परिचायक है। इस मौके पर उपजिलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार आदि उपस्थित रहे।