गल्ला मंडी सब स्टेशन पर स्थापित आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार की रात साढ़े आठ बजे आंतरिक खराबी के चलते फुंक गया था। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े फीडर नंबर चार व पांच की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इन दोनों फीडरों की बिजली आपूर्ति कुछ हद तक पटरी पर लाने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा नया रोस्टर बनाया गया, इस पर फीडर नंबर एक व नेहरू नगर की बिजली काटकर छह से सात घंटे के अंतराल पर फीडर नंबर चार व पांच को बिजली आपूर्ति दी जाने लगी। शनिवार को तो रोस्टर के विपरीत ही पहले तो फीडर नंबर चार व पांच की बिजली लगातार बाहर घंटे गुल रही। वहीं, नेहरूनगर व फीडर नंबर एक की बिजली भी दोपहर साढ़े बारह बजे से लगातार देर रात एक बजे तक ठप रही।
लगातार बारह घंटे तक चार फीडरों को आपूर्ति नहीं मिलने से शहरवासियों में विद्युत विभाग के खिलाफ काफी नाराजगी देखने को मिली। हालांकि, अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह ने इस समस्या के निराकरण के लिए गुरुवार की सुबह मुख्य अभियंता व अधीक्षण अभियंता से वार्ता कर ट्रांसफार्मर खराब होने पर बिगड़े हालातों से अवगत कराया और दूसरे नए ट्रांसफार्मर की मांग की। इस पर अधिकारियों द्वारा रामपुर से दूसरा आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर आवंटित कराया। रामपुर से चलकर शनिवार की सुबह ट्रांसफार्मर गल्ला मंडी स्थित 66 केवी सब स्टेशन पहुंच गया, जहां विभागीय अधिकारियों की देखरेख में क्रेन की सहायता से 13 टन वजनी आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर प्लंथ पर स्थापित कराया गया।
इसके बाद मीटर विभाग व वितरण खंड के अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रांसफार्मर पर छह रेडिएटर लगाए गए और उक्त ट्रांसफार्मर में 2800 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल भरा गया। इसके बाद मीटर विभाग के अधिकारियों द्वारा ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग करने के बाद देर शाम करीब साढ़े सात बजे नो लोड पर चार्ज किया गया। रात भर चार्ज होने के बाद रविवार की सुबह ट्रांसफार्मर पर लोड देकर फीडर नंबर चार व पांच को अल्टरनेट कर सुचारु बिजली आपूर्ति की जाएगी।