यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन आज से
ललितपुर। राजकीय इंटर कालेज में यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी पूरी हो गई हैं। पंद्रह दिनों तक चलने वाले मूल्यांकन में हाईस्कूल की 94,359 व इंटरमीडिएट की 32,171 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच होगी। इसके लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में 14-14 टोली बनाई गई हैं। मूल्यांकन शुक्रवार से शुरू होगा। यूपी बोर्ड परीक्षा के समापन के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की बारी है। जिले में राजकीय इंटर कालेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। जहां पर हाईस्कूल की 94,359 व इंटरमीडिएट की 32,171 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए इंटरमीडिएट में 73 परीक्षक व हाईस्कूल में 136 परीक्षक बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 18 प्रधान परीक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में एक-एक कोठार व चार कक्ष नियंत्रक की नियुक्ति की गई है।
हाईस्कूल के परीक्षक को आठ रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका एवं इंटरमीडिएट के परीक्षक को दस रुपये प्रति उत्तरपुस्तिका के मूल्यांकन पर दिया जाएगा। वहीं, प्रधान परीक्षक को तीन सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पारिश्रमिक दिया जाएगा। मूल्यांकन केंद्र पर गड़बड़ी को रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। नौ कक्ष एवं एक हॉल में मूल्यांकन का कार्य किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक को मुख्य नियंत्रक एवं कालेज के प्रधानाचार्य को उप नियंत्रक बनाया गया है।
मूल्यांकन केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसमें पंखा से लेकर बिजली, पानी व प्रसाधन की सुविधा का ध्यान रखा गया है।
- राजेंद्र त्रिपाठी, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कालेज