थाना प्रभारी समेत नौ पर हत्या का मुकदमा
कोर्ट के आदेश पर की गई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
मड़ावरा (ललितपुर)। न्यायालय के आदेश पर तत्कालीन थाना प्रभारी मड़ावरा समेत नौ आरोपियों पर हत्या का मुक़दमा पंजीकृत किया गया है। थाना सौजना अंतर्गत ग्राम खटौरा निवासी लाड़कुंवर पत्नी अनन्दी ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पुत्री चंदा का विवाह थाना मड़ावरा के गांव पिपरट निवासी अंगद के साथ हुआ था। ससुरालीजन दहेज के लिए आए दिन उसकी पुत्री के साथ गालीगलौज और मारपीट किया करते हैं। पीड़िता का आरोप है कि ससुरालीजनों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक उसकी पुत्री चंदा की हत्या कर दी और उनके षड्यंत्र में तत्कालीन थानाध्यक्ष द्वारा कानून का दुरुपयोग करते हुए आरोपियों की मदद की गई। चंदा की माँ के प्रार्थना पत्र के आधार पर न्यायालय के आदेश पर मड़ावरा पुलिस द्वारा तत्कालीन थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह समेत हल्कू पुत्र रगवीरए अजमेर पुत्र रगवीरए रगवीर पुत्र हरगुमान नेमरानी पत्नी रगवीरए रामदेवी पत्नी अजमेर निवासीगण पिपरटए महेंद्र पुत्र हीरा निवासी क्योलारीए गोविंद पुत्र अज्ञात निवासी बरखेरा थाना बहरोलए मंगल पुत्र नामालूम निवासी ग्राम साढूमल के खिलाफ 302, 511, 489, 323 504, 506 161 166 120बी एवं 34 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
........
अब तक बरामद नहीं हुआ चंदा का शव
मड़ावरा। जिस चंदा की हत्या के आसपास पूरा मामले घूम रहा है उसका आजतक कोई सुराग नहीं लग सका है। आरोपियों के ऊपर हत्या का मामला भले ही दर्ज किया गया हो लेकिन अभी तक शव भी बरामद नहीं हुआ।
.....
पति ने कराया था फुसलाकर ले जाने का मामला
मड़ावरा। चंदा पत्नी अंगद इसकी हत्या का मुकदमा तत्कालीन थाना प्रभारी समेत नौ लोगों के खिलाफ पंजीकृत किया गया है, उसके पति अंगद ने बीते 22 जून को हाकिम पुत्र रुपसिंह लोधी निवासी सौजना के खिलाफ पत्नी चंदा को फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुये मड़ावरा थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया था।
.....
पति को नहीं बनाया गया आरोपी
मड़ावरा। पूरे प्रकरण में एक बात बड़ी आश्चर्य भरी रही कि चंदा की माँ द्वारा न्यायालय में दिए गए दहेज के लिए उसकी पुत्री के उत्पीड़न के बावत प्रार्थना पत्र में थानेदार समेत नौ लोगों को आरोपी बनाया गया लेकिन चंदा के पति अंगद के ख़िलाफ़ कोई आरोप नहीं लगाया गया।