एडीएम ने 129 प्रभावित लोगों को बांटी राहत सामग्री
ललितपुर। सूखे की समस्या से जूझ रहे गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है। सोमवार को एडीएम ने ग्राम बम्हौरीखड़ैत के 129 प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की।
अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने राहत सामग्री के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को 15 किग्रा आलू, 15 किग्रा गेहूं का आटा, 05 किग्रा चने की दाल, 03 लीटर सरसों का तेल, 01 किग्रा पराग शुद्ध देशी घी, बच्चों के लिए प्रति परिवार 01 किग्रा मिल्क पाउडर, 01 किग्रा आयोडीन नमक का वितरण किया गया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर यह अभियान चलाया है। उन्होंने एसडीएम, तालबेहट को निर्देशित किया कि इस क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को जीवन निर्वाह से संबंधित किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इस मौके पर एसडीएम तालबेहट पद्म सिंह, तहसीलदार तालबेहट सहित अन्य तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।