मुआवजा में भेदभाव को लेकर ज्ञापन सौंपा
ललितपुर। भारतीय किसान यूनियन भानू के सदस्यों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। इसमें कहा गया कि ग्राम सुरऊवा के किसानों के साथ मुआवजा के मामले में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि नष्ट फसल का मुआवजा नहीं मिला तो उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
किसान नेता देवेंद्र पटेल ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि बीते माह में ओलावृष्टि व वर्षा से ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम सुरऊवा में रबी फसल को नुकसान पहुंचा था। जिन राजस्व कर्मियों को इसके सत्यापन का जिम्मा सौंपा गया, उन्होंने ही इसमें लापरवाही बरती। नतीजा यह हुआ कि इस गांव के किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाया, जबकि इसके मजरा जामुनधाना खुर्द के किसानों को राहत प्रदान की गई है। पंद्रह फरवरी को संपूर्ण समाधान दिवस में इसकी शिकायत की गई थी। इसके बाद 21 फरवरी को उपजिलाधिकारी ने गांव पहुंचकर बर्बाद फसल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नष्ट फसल का मुआवजा नहीं मिला तो उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। ज्ञापन पर गजेंद्र सिंह, रामरतन, बाबूलाल, शिवराज, सूरज, करन सिंह, जगदीश, धनीराम, आशाराम, जगरोपन, कल्यान, शिवनारायण, शोभाराम, प्रकाश आदि के हस्ताक्षर हैं।