लापरवाही, रेलवे स्टेशन पर क्षतिग्रस्त पड़ी है समय सारणी
ललितपुर। मंडलीय अधिकारियों द्वारा रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास दो भागों में रखी समय सारणी क्षतिग्रस्त है। तीन माह पूर्व जीएम और डीआरएम द्वारा निरीक्षण में निर्देश के बाद भी समय सारणी को व्यस्थित नहीं किया गया।
रेल मंत्रालय स्वच्छता अभियान के तहत स्टेशनों पर साफ सफाई पर विशेष ध्यान दे रहा है। हर माह मंडलीय अधिकारियों द्वारा स्वच्छता अभियान में हुए कार्यों का निरीक्षण भी किया जा रहा है और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधीनस्थों को निर्देशित किया गया है। तीन माह पूर्व यहां जोनल अधिकारियों के साथ मंडलीय अधिकारियों ने निरीक्षण कर ललितपुर रेलवे स्टेशन पर पेयजल, सफाई और यात्री सुविधाओं की विशेष तौर पर दुरुस्त रखने के लिए निर्देशित किया था। हालांकि अधिकारियों के निरीक्षण के समय तो व्यवस्थाएं चकाचक रहती हैं, लेकिन अधिकारियों के जाने के बाद रेलवे स्टेशन भी व्यवस्थाओं पर खास ध्यान नहीं देने की वजह से यहां यात्रियों को भी कई बार असहज ही महसूस करना होता है। रेल यात्रियों के लिए ट्रेनों का समय और रूट देखने के लिए मुख्य गेट के पास दो भागों में समय सारणी रखवाई गई है। इसके एक भाग में डाउन रूट और दूसरे भाग में अप रूट की ट्रेनों की स्थिति व सारणी दर्शायी गई है। यह समय सारणी हॉल की छत से भी अधिक ऊंची है। इस वजह से इसे तिरछा रखा गया था। जिससे यह जगह भी अधिक घेरती थी। मंडलीय अधिकारियों ने गत तीन माह पूर्व निरीक्षण में उक्त समय सारणी को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक न तो उक्त समय सारणी को व्यस्थित ही किया गया और न ही उसका रखरखाव ही किया जा सका, इसके चलते अब उक्त समय सारणी क्षतिग्रस्त हो चुकी है और यहां सफाई कर्मचारियों द्वारा इसी सारणी के पास कोने में कूड़ा भी एकत्रित कर दिया जाता है। इस वजह से रेलवे स्टेशन पर प्रवेश के साथ ही व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आती है। जबकि रेलवे द्वारा इसी जगह पर लाखों रुपए खर्च कर रेलवे स्टेशन का रेनोवेशन किया गया है। हालांकि गत वर्ष तक रेलवे विभाग द्वारा इसी जगह दीवार पर समय सारणी का बोर्ड टांगा गया था और यदि उसमें कोई त्रुटि भी होती थी तो उसे आसानी से सुधारा जा सकता था। अब यह जमीन पर रखी गई समय सारणी तालिका क्षतिग्रस्त होने के बाद इसमें सुधार की भी कोई गुंजाइश नहीं है। जब तक कि नई समय सारणी नहीं बनाई जाती।
इनका कहना है-
रेलवे स्टेशन पर जो समय सारणी रखी है, उसे शीघ्र बदलवाया जाएगा। अगले महीने नया टाइम टेबल आ रहा है, जिसके चलते नए टाइम टेबल के अनुसार ही नई समय सारणी बनाई जाएगी और उसे व्यवस्थित किया जाएगा।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे मंडल झांसी।