कम अंक आने पर छात्रा ने खाया जहर, गंभीर
डोंगराखुर्द/अर्जुन खिरिया। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम अर्जुन खिरिया निवासी एक छात्रा ने इंटरमीडिएट के रिजल्ट में कम अंक आने से दुखी होकर जहर खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ग्राम अर्जुन खिरिया निवासी एक छात्रा ने इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। शनिवार की दोपहर में रिजल्ट घोषित हुआ, इसमें प्रथम श्रेणी से कम अंक आए थे। वह इतने अंकों से संतुष्ट नहीं थी, इस कारण दिन भर घर में रोती रही और किसी से बात नहीं की। शनिवार की देर शाम पिता गांव में काम से निकल गए, जबकि अन्य परिजन अपने काम में लगे थे। छात्रा ने मौका पाकर घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिससे हालत बिगड़ गई। जब परिजन वापस लौटे तो पुत्री को अचेत अवस्था में देखा और उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया, जहां रविवार की शाम तक उसकी हालत स्थिर बनी हुई थी।