मंडी में लगा जाम, क्रेन से हटाए वाहन
ललितपुर। रविवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान अमरपुर स्थित विशिष्ट मंडी रोड पर जाम लग गया। यातायात सुचारु करने के लिए पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाया और यातायात दुरुस्त किया। मतदान कर्मियों की पोलिंग पार्टी को रवाना करने की व्यवस्था अमरपुर स्थित विशिष्ट मंडी स्थल में की गई। यहां से पोलिंग पार्टियों को मतदान से संबंधित दस्तावेज सौंपने और वाहनों की व्यवस्था की गई, लेकिन यहां पर आए अधिकांश मतदान कर्मचारियों ने अपने वाहनों को मंडी के अंदर आड़े-तिरछे खड़े कर दिए। कुछ कर्मियों ने सड़क पर ही वाहनों को पार्क कर दिया। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी। यह देख व्यवस्था बना रहे कर्मचारियों ने वाहनों को सड़क से हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद भी वाहनों के नहीं हटने से आने-जाने में परेशानी होने लगी। पुलिसकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद भी वाहन नहीं हट सके। इसके बाद पुलिस ने क्रेन का सहारा लिया और मतदान कार्मिकों के वाहन हटवाए। क्रेन से वाहन हटाने के बाद भी सड़क से वाहनों को निकाला गया।