पीएम की रैली में जिले से जाएंगे दस हजार लोग
ललितपुर। झांसी में आयोजित प्रधानमंत्री की रैली में जिले से दस हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे। इन लोगों के लिए वाहन की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। ललितपुर व महरौनी विधानसभा से पचास-पचास बसें जाएगी। वहीं, दो सौ-दो सौ छोटे वाहनों की भी व्यवस्था की गई है।
पंद्रह फरवरी को झांसी में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर जिला इकाई में खासा उत्साह है। रैली में भीड़ जुटाने के लिए जिले के पदाधिकारियों ने गांव-गांव लोगों ने संपर्क किया। दस हजार से ज्यादा लोगों के रैली में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला इकाई ने लोगों को वाहन की सुविधा मुहैया कराई है। ललितपुर व महरौनी विधानसभा में पचास-पचास बसों का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा दो सौ-दो सौ छोटे वाहन भी लगाए गए हैं। ग्राम बुढ़वार से लोक कलाकार रैली में शामिल होंगे। अनुसूचित मोर्चा ने करीब तीन सौ लोगों को रैली में ले जाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने लोगों को रिझाने के लिए एक नारा भी दिया है। जिसमें कहा गया कि अपनी रोटी खाएंगे, विपक्ष को हराएंगे और नरेंद्र मोदी को लाएंगे। इस नारे को लेकर अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी घर-घर पहुंचेंगे। ओमप्रकाश अहिरवार का कहना है कि अनुसूचित वर्ग के लोग बड़ी संख्या में रैली में शामिल होंगे। इसके अलावा युवा मोर्चा भी युवाओं को रैली में ले जाने के लिए जुटा हुआ है।
रैली को लेकर लोगों में उत्साह
प्रधानमंत्री की रैली को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। रैली में शामिल होने वालों के लिए वाहनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
जगदीश लोधी
जिलाध्यक्ष