हृदय रोगियों का अब जिला मुख्यालय पर ही हो सकेगा इलाज
ललितपुर। हृदय रोगियों का अब जिला मुख्यालय पर ही उपचार हो सकेगा। आने वाले दिनों में जिला अस्पताल में उपकरण उपलब्धता होते ही मरीजों का उपचार हो सकेगा। इसके लिए ह्रदय गहन चिकित्सा इकाई स्थापित की जा रही है।
तीन दशक पहले स्थापित हो चुकी जिला अस्पताल में लंबे समय से ह्रदय रोग केयर यूनिट की मांग की जा रही है। इसके अभाव में जिला अस्पताल आने वाले ह्रदय रोग के मरीजों को रेफर किया जाता है। कई बार तो उपचार के अभाव में रोगियों की रास्ते में ही मौत हो जाती है। जिले में ह्रदय रोगियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखकर शासन ने ह्रदय गहन चिकित्सा इकाई की स्थापना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस पर इसके भवन का निर्माण जिला अस्पताल परिसर में प्रारंभ हो गया है। वर्तमान में इस भवन में टाइल्स लगाने व विद्युत फिटिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही साज सज्जा होते ही भवन में चार सैय्या का वार्ड तैयार हो जाएगा। इसमें ह्रदय रोग के सामान्य मरीजों का उपचार किया जाएगा। साथ ही गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। इसके साथ ही हार्टअटैक, एंजाइम, रक्तचाप के मरीजों का उपचार किया जाएगा। इकाई में एक ह्रदयरोग विशेषज्ञ की तैनाती की जाएगी, साथ ही एक टैक्नीशियन, स्टाफ नर्स व अन्य कर्मियों का तैंनात किया जाएगा। ह्रदय रोग विशेषज्ञ के अभाव में जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन को मेडिकल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। गहन चिकित्सा इकाई का भवन निर्माणाधीन है, जो शीघ्र ही तैयार किया जाएगा। इसकी साज सज्जा के लिए मानक के अनुसार कमेटी द्वारा प्रस्ताव भेज दिया गया है।
-----------
जिला अस्पताल प्रमुख अस्पतालों में से एक है। इसमें जिले के ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही शहर के लगभग डेढ़ से दो हजार लोग उपचार कराने के लिए आते हैं। जिससे अस्पताल में काफी भीड़ बनी रहती है। इनमें लगभग चार से पांच मरीज ह्रदय रोग से संबंधित आते हैं। इन्हें चिकित्सकों की कमी व सुविधाओं के अभाव के चलते रेफर किया जाता है। साथ ही रक्तचाप के भी एक दिन में लगभग 20 मरीज आते हैं।
-----------
उपचार
उपकरण आते ही हो जाएगी इलाज की शुरूआत
ह्रदय गहन चिकित्सा इकाई कक्ष का निर्माण शीघ्र पूरा होने वाला है। विभाग द्वारा जैसे ही उपकरण उपलब्ध करवा दिए जाएंगे उपचार शुरू हो जाएगा।
डा. अमित चतुर्वेदी
प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक
जिला अस्पताल ललितपुर