सीएम का आदेश हवाहवाई, नहीं हुई सड़कें गड्ढामुक्त
ललितपुर। प्रदेश सरकार की ओर से तय की गई तिथि 31 दिसंबर बीतने के बाद भी शहर की सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हो पाई हैं। तमाम सड़कें अभी भी गड्ढायुक्त बनी हुई हैं। जिन पर पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। इस तरह सीएम का सड़कों को गड्ढामुक्त करने का आदेश एक बार फिर हवाहवाई साबित हुआ है।
प्रदेश की सड़कों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार में बैठते ही बीस जून तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश दिए थे, लेकिन निर्धारित अवधि में सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हो पाई थीं। इसमें सरकार की काफी किरकिरी हुई थी। बीते माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर नई तिथि घोषित करते हुए 31 दिसंबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश डीएम को दिए थे। इस दौरान उन्होंने सड़कों के नवीनीकरण व गड्ढामुक्त का कार्य युद्घस्तर पर पूरा करने को कहा था। इसके बाद भी शहर की सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हो पाई हैं। बता दें कि बीते माह में नगर पालिका परिषद ने 17.95 किलोमीटर की सड़कों को गड्ढायुक्त चिन्हित किया था। इसमें से तीन किलोमीटर सड़क को ही गड्ढामुक्त बनाने में पालिका को पसीना छूट रहा है। इस मामले में नगर पालिका परिषद बजट की कमी का रोना रो रही है। आजादपुरा से मस्जिद की ओर जाने वाले मार्ग की हालत बेहद खस्ता है। नेहरू नगर, गोविंद नगर, रावतयाना, चांदमारी, बसंधुरा कालोनी, आजादपुरा में तमाम सड़कें गड्ढायुक्त हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई सड़कों में छोटे-बड़े गड्ढे बने हैं। इसका उदाहरण कारीटोरन इमलिया मार्ग है। यहां पर गड्ढों के बीच दुपहिया वाहन चलाना आसान नहीं है।
......
कई सड़कों पर भरे आधे अधूरे गड्ढे
नगर पालिका परिषद सहित विभिन्न विभागों ने शहर में कई जगहों पर सड़कों के गड्ढे भरने का प्रयास किया है, लेकिन यह कार्रवाई आधी अधूरी साबित हुई है। स्टेशन रोड एवं सदर कांटे से रिलायंस पेट्रोल पंप के आगे तक गड्ढों को भरा गया है। इसके बाद भी सड़क पर कई जगहों पर अभी भी छोटे-बड़े गड्ढे बने हैं।
.......
सड़कें हुई गड्ढामुक्त
जो सड़कें स्वीकृत थी उन्हें गड्ढामुक्त कर दिया गया है।
प्रकाशचंद्र, अधिशासी अभियंता
लोक निर्माण विभाग
......
सड़कों के भर दिए गए गड्ढे
पांच सौ किलोमीटर सड़क चिन्हित थी जिसे गड्ढों से भर दिया गया है। हालांकि, उनका नवीनीकरण नहीं हो सका है।
राममूरत, अधिशासी अभियंता
लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड)