गाय की टक्कर से महिला की मौत
डोंगराखुर्द (ललितपुर)। हाइवे पर अन्ना जानवरों के कारण हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसी ही घटना सोमवार को ललितपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंगरिया गांव के पास हुई। अचानक गाय ने मोटरसाइकिल पर सवार महिला को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर बैठी महिला बुरी तरह घायल हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
नाराहट थानाक्षेत्र के अर्जुनखिरिया गांव निवासी मालती पस्तोर पत्नी दिनेश पस्तोर उम्र 37 साल सोमवार की शाम ललितपुर मुख्यालय से अपने गांव जेठानी के लड़के विवेक के साथ जा रही थीं। इस दौरान उनके साथ उनकी दस साल की लड़की भी मौजूद थी। इसी दौरान शाम पांच बजे बंगरिया गांव के पास आपस में दो गाय लड़ रही थीं। तभी एक गाय ने अचानक वहां से बाइक से गुजर रही मालती को टक्कर मार दी। इससे मालती सिर के बल नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल मालती को मौजूद लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। मालती की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतका का एक पुत्र और एक पुत्री है। आए दिन हाइवे पर हो रही मौतों के बाद भी प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। देखा जाए तो सड़कों पर जब से अन्ना पशुओं ने डेरा जमा लिया है तब से लेकर आज तक हजारों लोगों की जानें जा चुकी हैं फिर भी प्रशासन अनजान बना हुआ है।