दीनदयाल जन्मशती समारोह के लिए नोडल अधिकारी नामित
ललितपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मशती वर्ष को गरिमा और भव्यता के साथ मनाने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में जनपद और विकास खंड मुख्यालय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने विकास खंड स्तर पर आयोजित किये जाने वाले तीन दिवसीय अंत्योदय मेला और प्रदर्शनी के संबंध में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारियों और नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित विकास खंड में अन्त्योदय मेला/प्रदर्शनी के आयोजन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आयोजित होने वाले मेला एवं प्रदर्शनी मेें अपने विभागों से संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु स्टॉल लगाये जाने के भी निर्देश दिये हैं।
उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को अपने ब्लॉकों में लगाये जाने वाले मेला/प्रदर्शनी का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार एवं आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन विकास खंड जखौरा में 12 जुलाई से 14 तक किया जाना है, जिसके आयोजनकर्ता खंड विकास अधिकारी जखौरा तथा नोडल अधिकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रहेंगे। विकास खंड तालबेहट में 20 से 22 जुलाई तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है, जिसके आयोजनकर्ता खंड विकास अधिकारी तालबेहट और नोडल अधिकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी रहेंगे। इसी प्रकार विकास खंड महरौनी में 26 से 28 जुलाई तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसके आयोजनकर्ता खंड विकास अधिकारी महरौनी और नोडल अधिकारी जिला पूर्ति अधिकारी रहेंगे, विकास खंड मड़ावरा में तीन से पांच अगस्त तक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके आयोजनकर्ता खंड विकास अधिकारी मड़ावरा तथा नोडल अधिकारी जिला पंचायत राज अधिकारी रहेंगे। विकास खंड बिरधा में 10 से 12 अगस्त तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है, जिसके आयोजनकर्ता खंड विकास अधिकारी बिरधा और नोडल अधिकारी उप निदेशक कृषि प्रसार रहेंगे। इसी प्रकार विकास खंड बार में 24 से 26 अगस्त तक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा, जिसके आयोजनकर्ता खंड विकास अधिकारी बार और नोडल अधिकरी जिला समाज कल्याण अधिकारी को नामित किया गया।