इंजन फेल, सवा घंटे खड़ी रही पंजाब मेल
ललितपुर। डाउन रुट की पंजाब मेल शुक्रवार को इंजन फेल होने के कारण रेलवे स्टेशन पर सवा घंटे खड़ी रही। इस रुट की दो एक्सप्रेस ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर एक से निकालकर रवाना किया गया।
मुंबई से चलकर फिरोजपुर की ओर जाने वाली डाउन रुट की पंजाब मेल एक्सप्रेस शुक्रवार को दोपहर अपने निर्धारित समय 12.48 बजे की जगह 45 मिनट विलंब से एक बजकर 33 मिनट पर ललितपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर आकर ठहरी। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद जैसे ही ट्रेन को सिग्नल मिला तो ट्रेन आगे बढ़ी, लेकिन पंजाब मेल एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। ड्राइवर द्वारा ट्रेन के तकनीकी फाल्ट को दूर करने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी देर तक जब सफलता नहीं मिली तो रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक अन्य मालगाड़ी के इंजन को निकालकर पंजाब मेल में लगाकर ट्रेन को सवा घंटे बाद दोपहर दो बजकर 46 मिनट पर आगे के लिए रवाना किया जा सका। इस दौरान यात्रियों को गर्मी के कारण परेशान होना पड़ा। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर तीन डाउन रुट की ट्रेनों के लिए निर्धारित किया गया है। पंजाब मेल का इंजन फेल होने के कारण सवा घंटे के दौरान इस प्लेटफार्म से निकलने वाली डाउन रुट की अन्य ट्रेनों मदुरै-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और अंडमान एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर एक से धीमी गति से निकाला गया।
बाक्स
दैलवारा में खड़ी रही झेलम एक्सप्रेस
ललितपुर। जम्मूतवी से पुणे को जाने वाली अप रूट की झेलम एक्सप्रेस का इंजन शुक्रवार की शाम करीब सात बजे दैलवारा स्टेशन के पास खराब हो गया। इस वजह से यह ट्रेन करीब सवा घंटे तक खड़ी रही। इससे झांसी से ललितपुर की ओर आने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।