संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। राजस्थान के धौलपुर से लापता 11 वर्षीय बच्चे के साथ बाबा के वेश में एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चा अपने घर से 12 दिन से लापता चल रहा था और राजस्थान में उसके लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज है। काेतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को शहर के तुवन मंदिर के पास लोगों को एक व्यक्ति को बाबा के वेश में देखा। उसके साथ करीब 11 साल का बच्चा भी था। लोगों को शक हुआ तो उन्होंने बाबा को पकड़ लिया। पूछताछ में वह गोलमोल जवाब देने लगा।
बच्चे से जब लोगों ने पूछा तो उसने बताया कि वह राजस्थान के धौलपुर अंतर्गत ग्राम बरखेड़ा का रहने वाला है और उक्त व्यक्ति उसे वृंदावन से लेकर यहां आया है।
बच्चे ने अपने परिजनों का मोबाइल नंबर बताया तो लोगों ने उस नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद सच्चाई का पता चला।
उधर, बच्चे की जानकारी होने के बाद उसके परिजन ललितपुर के लिए निकल चुके हैं। बताया जा रहा है कि बाबा के वेश वाला युवक मड़ावरा क्षेत्र का रहने वाला है और कई सालों से वेश बनाकर घूमता फिरता रहता है। काेतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।