ललितपुर। जिले में कोरोना वायरस का बढ़ता संक्रमण लगातार अधिकारियों को अपनी चपेट में लेता जा रहा है। बृहस्पतिवार को हुई कोरोना जांच में शहर कोतवाल व उनकी पत्नी, पुत्र समेत 11 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस का संक्रमण वर्तमान में अधिकारियों पर हावी होता नजर आ रहा है। इसके बढ़ते संक्रमण की चपेट में सरकारी कर्मचारी व अधिकारी आ रहे हैं। बीते दिनों जहां पुलिस अधीक्षक व उनकी पत्नी संक्रमित मिलीं, इसके बाद जिला अस्पताल के चिकित्सक व उनकी पत्नी समेत बच्चे पॉजिटिव पाए गए थे। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बूथ कलेक्शन सेंटर से 1695 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इसमें 691 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी भेजे गए हैं। इसके अलावा छह सैंपल ट्रृनॉट किट से व 1000 सैंपल एंटीजन किट से लिए गए हैं। आरटीपीसीआर किट के सैंपलों की आई रिपोर्ट में पांच, ट्रूनॉट की रिपोर्ट में तीन व एंटीजन में तीन व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमितों में 52 वर्षीय शहर कोतवाल व 21 वर्षीय एक अन्य युवक, 47 वर्षीय महिला सभी निवासी कोतवाली परिसर हैं। इसके अलावा सरसधाम कालोनी निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति, महरौनी के कस्बा निवासी 17 वर्षीय किशोर व 64 वर्षीय व्यक्ति, ग्राम छपरट निवासी 25 वर्षीय युवक, ब्लॉक बार के ग्राम गड़िया निवासी 71 वर्षीय वृद्घ, ग्राम बरसी निवासी 36 वर्षीय युवक व एक झांसी के ग्राम गरौठा निवासी 29 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। इनमें आठ को होम आइसोलेशन, एक को एल-2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट व एक को महरानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
-------
3179 पर पहुंचा मरीजों का आंकड़ा
जिले में कोरोना वायरस संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 3179 पहुंच गया है। इनमें 46 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। हालांकि 3054 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में 79 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। वहीं, बीते पांच दिन से आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 1611 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
--------
बृहस्पतिवार को टीम द्वारा लिए गए सैंपल की आई जांच रिपोर्ट में 11 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों को सुविधा अनुसार उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
- डा. डीके गर्ग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी