बंच केबल बिछाई, दिन भर बंद रही बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शहर में जहां एक ओर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य चल रहा है, वहीं विद्युत लाइन अंडर ग्राउंड नहीं होने वाले स्थानों पर बिजली विभाग द्वारा कंपनी के माध्यम से खुले में डली विद्युत लाइन को हटाकर बंच केबल बिछाई जा रही है।
बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली विभाग द्वारा दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निर्देशों के क्रम में शहर में पहले अंडर ग्राउंड केबल बिछाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन पूरे शहर में अंडरग्राउंड केबल बिछना संभव नहीं होने के कारण बचे हुए क्षेत्रों में अब बंच केबल बिछाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। अंडरग्राउंड केबल बिछाने वाली कंपनी द्वारा शहर में करीब 25 किलोमीटर बंच केबल बिछाई जानी है। शुक्रवार को कंपनी द्वारा शहर में स्टेशन क्षेत्र में फीडर नंबर चार के अंतर्गत बंच केबल बिछाने का कार्य किया गया। इसके चलते कृष्णा टॉकीज के बाद समाजवादी पार्टी कार्यालय क्षेत्र, रेलवे स्टेशन तिराहा, चंडी मंदिर क्षेत्र, रेलवे कॉलोनी आदि की बिजली सुबह 11 बजे बंद कर दी गई, बिना पूर्व सूचना के बिजली बंद होने से विद्युत सब स्टेशन पर उपभोक्ताओं के फोन घनाघनाते रहे, जो बिजली जाने का कारण और बिजली आने का समय पूछते रहे। इसके बाद शाम को पांच बजे के बाद सुचारु की जा सकी।