कैप्सन - सीएचसी में मरीज का उपचार करता चिकित्सक
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। जनता कर्फ्यू के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में आपातकालीन सेवाओं के दौरान मरीजों के आने का तांता लगा रहा। रविवार को शाम चार बजे तक एक सैकड़ा मरीजों ने उपचार कराया।
जनता कर्फ्यू के कारण नगर एवं क्षेत्र में अधिकांश निजी चिकित्सकों ने अपने- अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, इस कारण रविवार को बंद के दौरान सीएचसी में मरीजों का तांता लगा रहा। रविवार को ओपीडी बंद रहती है, केवल आपातकालीन सेवाए सुचारु रहती हैं। कोरोना वायरस के कारण रविवार को बंद के कारण चिकित्सकों का अनुमान था कम संख्या में मरीज आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन सेवाएं दे रहे डॉ. अभिषेक नामदेव ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश निजी चिकित्सालय बंद होने के कारण मरीज उपचार कराने आए। अधिकांश मरीज खांसी, बुखार व जुकाम जैसी सामान्य बीमारी से पीड़ित थे। मरीज बाद में भी अपना उपचार करवा सकते थे। उनमें से कुछ मरीज तो निजी चिकित्सकों के यहां से अपना उपचार करा भी रहे हैं। कोरोना के संबंध में डॉ. अभिषेक नामदेव ने बताया कि यह बीमारी पीड़ित मरीज के एक-दूसरे के संपर्क में आने से फैलती है। उन्होंने लोगों ने इसका बचाव करने का आह्वान किया है।