संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अटल आवासीय विद्यालय के बीमार बच्चों के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती 10 बच्चों को मंगलवार को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल 14 बच्चे चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।
गौरतलब है कि ब्लॉक बिरधा के ग्राम धौर्रा स्थित अटल आवासीय विद्यालय में बीते दिनों भोजन करने के बाद कई छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी। पेट दर्द, उल्टी और अन्य शिकायतों के चलते उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद कुल 52 बच्चों को उपचार के लिए भर्ती किया गया था। इनमें से पहले चरण में 35 बच्चों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद 19 जुलाई को 11 अन्य बच्चों को भी स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों के चलते भर्ती कराया गया था।
मंगलवार को भर्ती बच्चों में से 10 के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। वर्तमान में 14 बच्चे मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं, जिनका उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण जारी है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गजेंद्र ने बताया कि भर्ती सभी बच्चों की हालत सामान्य है। एहतियात के तौर पर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। जल्द ही शेष बच्चों को भी अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।