नाले में डूबे युवक की तलाश करते लोग स्रोत : जागरूक ग्रामीण
पलियाकला। थाना क्षेत्र के गांव मरौचा के पास मछली पकड़ने गए नगर के माहिगिरान मोहल्ला निवासी युवक की सुतिया नाले में डूबकर मौत हो गई। डूब रहे भाई को बचाने के लिए नाले में कूदा युवक भी डूबने लगा। हालांकि, उसे ग्रामीणों ने बचा लिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
नगर के मोहल्ला के माहिगिरान निवासी तजीम (22) पुत्र सोनी मंगलवार सुबह अपने बड़े भाई तालिब के साथ गांव मरौचा के पास सुतिया नाले में मछली पकड़ने गए थे। दोनों भाई जाल फेंककर मछली पकड़ रहे थे। इसी समय तजीम का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरा। डूब रहे रहे तजीम को बचाने के लिए भाई तालिब भी नाले में कूद गया, लेकिन वह भी डूबने लगा।
युवकों को डूबता देख आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। कई ग्रामीण नाले में कूदे और दोनों भाइयों को बचाने की कोशिश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने तालिब को तो बचा लिया गया, लेकिन तजीम डूब गया। थोड़ी देर तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ।
आंखों के सामने डूब गया भाई, थम नहीं रहे आंसू
भाई तजीम के साथ मछली पकड़ने के लिए घर से निकलते समय तालिब ने नहीं सोचा था कि भाई के साथ उसका यह आखिरी सफर है। तजीम उसके साथ नहीं लौटेगा। दोनों नाले पर पहुंचे और मछली पकड़ने के लिए जाल फेंका और हादसा हो गया। डूबते भाई को बचाने में तालिब ने भी अपनी जान की बाजी लगा दी, लेकिन तजीम को बचाया नहीं जा सका। मौत के मुंह से बाहर आए तालिब की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। जवान बेटे की मौत से परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।