लखीमपुर खीरी/गोला गोकर्णनाथ। खेलो इंडिया यूथ डायलॉग कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को गोला और लखीमपुर के वाईडीपीजी कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़कर स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना के महत्व पर जोर दिया।
गोला गोकर्णनाथ के सीजीएनपीजी कॉलेज में भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य पंकज सिंह के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन देखा और सुना। कबड्डी खिलाड़ी डॉ. गौरव अवस्थी ने खेल से जुड़े अनुभव साझा किए। एथलीट शिव शंकर ने खेल और योग के माध्यम से जीवनशैली व्यवस्थित करने की बात कही।
इस मौके पर डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. विवेक कुमार सिंह, सुनील गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. मनोज कुमार सरोज, डॉ. राजीव कुमार शर्मा, डॉ. शैलेंद्र, डॉ. मंजू शुक्ला, डॉ. बृजगोविंद, डॉ. विश्वनाथ, अनिल कुमार सिंह, प्रदीप कुमार और श्रवण कुमार आदि मौजूद रहे।
वाईडीपीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ की ओर से कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी व समन्वयक डॉ. सौरभ वर्मा ने विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से अनुशासन और टीम भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। संवाद