कोल्हू पर करता था मजदूरी, रुपये लेकर लौट रहा था घर
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को कोल्हू पर मजदूरी के रुपये लेने गए 24 वर्षीय युवक की घर लौटते समय धारदार हथियार से हत्या कर शव गांव की सड़क के किनारे गन्ने के खेत के पास फेंककर हत्यारे भाग गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के ग्राम रछेला वाजिदपुर निवासी कमलेश का 24 वर्षीय पुत्र आदेश शुक्रवार की सुबह एक युवक के साथ बाइक से मोहम्मदी आया था। आदेश के साथ सवार युवक बीच में कहीं उतर गया। वहीं आदेश ग्राम बुझारी में स्थित रामदेश के कोल्हू पर अपने बकाया रुपये लेने बाइक से गया था, जहां वह मजदूरी करता था। इसके बाद वह अपने गांव वापस रछेला लौट रहा था कि कोल्हू से कुछ दूरी पर अज्ञात लोगों ने उसकी धारदार हथियार से हत्या कर शव सड़क किनारे गन्ने के खेत के पास डाल दिया।
युवक के पेट व गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देकर हत्यारोपी मौके से भागने में सफल रहे। दिनदहाड़े युवक की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है। खेत के पास रक्तरंजित शव पड़ा देख ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। दलबल के साथ मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर राकेश कुमार गुप्ता ने शव को कब्जे में ले लिया। युवक की शादी की बातचीत शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही के ग्राम चेना से चल रही थी, जहां शुक्रवार को युवक को लड़की देखने के लिए जाना था। शायद इसकी तैयारियों के लिए ही आदेश कोल्हू से मजदूरी के रुपये लेने गया था, लेकिन उससे पहले ही घात लगाकर हत्यारों ने आदेश को मौत के घाट उतार दिया। जवान बेटे की हत्या किए जाने से परिजनों में कोहराम मचा है।
इंस्पेक्टर राकेश कुमार गुप्ता का कहना है कि युवक की दराती से हत्या की गई है। मृतक के परिवार वालों ने अभी तहरीर नहीं दी है, लेकिन हत्यारोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।