निघासन। श्रीलीला नाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस घर लौट रहे एक युवक की रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों ने रंजिशन ट्रैक्टर चालक पर हत्या का आरोप लगाया है।
पढ़ुवा थाना क्षेत्र के गांव सहजदिया निवासी विनोद कुमार निषाद ने बताया कि उसका भतीजा 18 वर्षीय तीरथ राम निषाद पुत्र प्रताप निषाद मंगलवार दोपहर करीब 35 ग्रामीणों के साथ गांव के ही विजय कुमार निषाद की ट्रैक्टर ट्रॉली से कफारा स्थित श्रीलीला नाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक करने गया था। आरोप है कि वापस गांव आते समय ट्रैक्टर चालक विजय कुमार निषाद ने रंजिशन गांव माखन पुरवा के पास तीरथ राम को ट्रैक्टर ट्रॉली से रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह अपना ट्रैक्टर ट्रॉली घटनास्थल पर ही खड़ा कर रफूचक्कर हो गया। किसी तरह सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया है कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर चालक विजय कुमार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बाकी जांच की जा रही है।