लखीमपुर-बस्ती मार्ग पर जाम लगाए ग्रामीण-संवाद
खीरी टाउन। दिवाली के समय हुई मारपीट में घायल गांव सहजनी निवासी युवक की इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने मृतक का शव रखकर लखीमपुर-बस्ती मार्ग पर जाम लगाया। खीरी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। सूचना पर पहुंचे एएसपी ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन मान गए।
करीब दो माह पूर्व दीपावली के समय खीरी थाने की नकहा चौकी के गांव सहजनी निवासी रविंद्र उर्फ पन्नालाल पुत्र हीरालाल पासी (22) और गांव के ही बबलू कश्यप पुत्र माया प्रसाद के बीच मारपीट हुई थी। मारपीट में पन्नालाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए उसे लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार को पन्नालाल की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों ने नकहा चौकी इंचार्ज की कार्यशैली से नाराज होकर मृतक पन्नालाल का शव लखीमपुर-बस्ती मार्ग पर रखकर पुलिस व आरोपियों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे खीरी थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मामले को शांत कराने प्रयास किया। परिजन नहीं माने। सूचना पर एएसपी नेपाल सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की।
समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन मान गए। एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि परिजन, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। जाम खुलवा दिया गया है।