लखीमपुर खीरी के कोतवाली सदर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक उल्ल नदी में बह गया। वह साइकिल से मजदूरी करने जा रहा था। रपटा पुल पर घटना हुई। गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं।
लखीमपुर खीरी के कोतवाली सदर क्षेत्र में सोमवार सुबह मजदूरी करने जा रहा एक युवक उल्ल नदी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीएसी की फ्लड टीम के साथ नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। दोपहर तक युवक का पता नहीं चल सका था।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक लखपेड़ागंज निवासी जाबिर अली (32) सोमवार सुबह करीब आठ बजे साइकिल से मजदूरी करने लखीमपुर जा रहे थे। बताया गया कि जुलाहन पुरवा के पास रपटा पुल से गुजरते समय उनकी साइकिल अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई और तेज बहाव में बह गया।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। रामापुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद 2वीं बटालियन पीएसी सीतापुर की फ्लड टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और पीएसी के जवान नदी में युवक की तलाश में जुटे हैं। सूचना पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।