लखीमपुर खीरी के बिजुआ इलाके में पशु चराने गए युवक को पानी पीने के दौरान मगरमच्छ शारदा नदी में खींच ले गया। कई घंटों तक परिजनों को घटना की जानकारी नहीं हुई। जब पशु घर पहुंच गए और युवक नहीं पहुंचा तो मंगलवार की शाम परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रात ज्यादा होने पर कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह परिजनों ने युवक की फिर तलाश शुरू की तो घटनास्थल से करीब 600 मीटर दूर युवक का अधखाया शव बरामद हुआ। शरीर पर मगरमच्छ के नोचने के कई निशान थे।
बिजुआ क्षेत्र के ग्राम रेवतीपुरवा निवासी बालक राम का 30 वर्षीय पुत्र बबलू मंगलवार को शारदा नदी के किनारे पशुओं को चराने गया था। ग्रामीणों के अनुसार प्यास लगने पर वह शारदा नदी में पानी पी रहा था। तभी नदी में मौजूद मगरमच्छ उसे पानी में खींच ले गया। घरवालों को शाम तक जानकारी नहीं हो पाई। देर शाम पशुओं के घर पहुंचने पर बबलू के लापता होने की जानकारी हुई। बुधवार तड़के लोगों ने फिर बबलू की तलाश शुरू की तो घटनास्थल से लगभग 600 मीटर दूर शव बरामद हुआ। शरीर के कुछ हिस्सों को मगरमच्छ ने नोचकर खा गया था। क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले की पहली घटना है। नदी किनारे बसे गांवों में मगरमच्छ की वजह से भय का माहौल है।
बिजुआ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, भीरा रेंजर राजकुमार शर्मा ने बताया कि नदी में मगरमच्छ हैं। किसी पर भी हमला कर सकते हैं लोगों को नदी में नहीं घुसना चाहिए। अगर किसी तालाब में मगरमच्छ होता तो पकड़ा जा सकता था नदी में पकड़ना मुश्किल होता है। नदी में सावधानी के साथ ही घुसना चाहिए। परिवार के लोग प्रार्थना पत्र देंगे तो आश्रितों को मुआवजे के लिए संस्तुति की जाएगी।